आगरालीक्स…(15 November 2021 Agra News) आगरा 15 दिन से कोरोना फ्री है. हर दिन हजारों लोगों की जांच भी हो रही है. लेकिन अभी भी आबादी के इतने प्रतिशत लोगों की हुई है जांच….
15 दिन से पूरी तरह कोरोना फ्री आगरा
आगरा के लिए अच्छी बात ये है कि आगरा पिछले 15 दिनों से भी अधिक समय से कोरोना फ्री है. न तो आगरा में कोई कोरोना पॉजिटिव बचा है और न ही कोई नया कोरोना केस आ रहा है. सरकार के निर्देश पर प्रशासन द्वारा रोजाना हजारों लोगों की जांच की जा रही है. सोमवार को भी प्रशासन ने अपडेट जारी किया जिसके अनुसार बीते 24 घंटे में आगरा में 2179 लोगों की कोरोना जांच की गई जिसमें से एक भी कोरोना मरीज आगरा में नहीं मिला. आगरा में अब तक 25765 कोरोना मरीज मिल चुके हैं जिनमें से 25307 मरीज ठीक हो गए हैं जबकि 458 लोगों की इस बीमारी से मौत हो चुकी है. आगरा में अब कोई भी कोरोना का मरीज नहीं है.
आबादी का 50 प्रतिशत भी नहीं हुई जांच
बात अगर कोरोना जांच की की जाए तो आगरा में सोमवार तक जारी अपडेट के अनुसार आगरा में अब तक 1987070 यानी करीब 20 लाख लोगों की कोरोना जांच हो चुकी है. लेकिन अगर आबादी के हिसाब से देखा जाए तो ये आंकड़ा अभी 50 प्रतिशत भी नहीं हुआ है. आगरा की आबादी लगभग 50 लाख के आसपास है जबकि अभी तक जांच केवल 20 लाख लोगों की ही हुई है. ऐसे में शासन द्वारा कोरोना टेस्टिंग पर जोर दिया जा रहा है जिससे कि अधिक से अधिक लोगों की कोरोना जांच की जा सके.
वैक्सीन की 31 लाख डोज लगीं
वहीं वैक्सीनेशन देखा जाए तो आगरा में अभी तक 3148978 वैक्सीन की डोज लोगों को लगाई जा चुकी हैं. इनमें करीब 23 लाख लोगों को पहली डोज तो बाकी बची डोज सेंकेंड डोज की हैं. प्रशासन द्वारा लगातार वैक्सीनेशन भी किया जा रहा है.