आगरालीक्स…. आगरा में सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा कर रहे छात्र का शव मिला है, रेलवे ट्रैक पर शव पड़ा हुआ था आशंका है कि ट्रेन की चपेट में आने से छात्र की मौत हो गई। पुलिस जांच में जुटी है।
आगरा के बिचपुरी स्थित आरबीएस पॉलीटेक्निक कॉलेज में बलिया निवासी 18 साल का गौरव डिप्लोमा द्वितीय सिविल इंजीनियरिंग वर्ष का छात्र था। गुरु पर्व और उसके बाद शनिवार और रविवार की छुटटी होने के चलते गौरव शुक्रवार को हास्टल के गार्ड और साथी छात्रों से घर जाने की कहकर निकला था। शनिवार सुबह बिचपुरी कैंपस के मैदान के पास रेलवे ट्रैक पर गौरव का शव मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। गौरव की जेब से आधार कार्ड सहित पैसे सहित अन्य दस्तावेज मिले। इससे गौरव की शिनाख्त हो सकी।

माता पिता का सपना टूटा
गौरव के पिता गुप्तेश्वर मिश्रा की परचून की दुकान है, उनके दो बेटे और बेटी हैं। गुप्तेश्वर गुप्ता का कहना था कि बेटा इंजीनियर बनना चाहता था, इसलिए उसे एडमिशन दिलवाया था लेकिन वह सपना पूरा करने से पहले ही दुनिया से चला गया।
हादसे की जांच
गौरव की मौत कैसे हुई, इस बारे में अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। गौरव का शव रेलवे लाइन के पास मिला है, आशंका है कि ट्रेन की चपेट में आने से मौत हुई है, पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी स्थिति स्पष्ट हो सकती है। आरबीएस के प्राचार्य डॉ. एमएस चौहान का कहना है कि गौरव दीपावली पर भी घर गया था, शुक्रवार को वह घर जाने की कहकर निकला था इसके बाद से किसी को जानकारी नहीं है। वह कॉलेज के हास्टल में ही रह रहा था।