आगरालीक्स .(.News 28th November)..आगरा सहित यूपी में यूपीटेट पेपर लीक करने वाले 23 अरेस्ट, अभ्यर्थी प्रवेश पत्र दिखाकर रोडवेज बस में कर सकेंगे फ्री यात्रा, एक महीने बाद होगी यूपीटेट की निरस्त परीक्षा।
यूपीटेट 2021 की परीक्षा आगरा सहित यूपी के 75 जिलों में रविवार सुबह 10 से 12.30 बजे और दोपहर दो से शाम पांच बजे तक परीक्षा आयोजित की जानी थी। परीक्षा के लिए यूपी में 2736 केंद्र बनाए गए, परीक्षा में 1999418 अथ्यर्थी शामिल होने थे। एडीजी लॉ एंड आर्डर प्रशांत कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि शनिवार रात को इंटेलीजेंस और छह जिलों की एसटीएफ ने छापेमार कार्रवाई की। लखनऊ सहित छह जिलों से 23 लोगों को अरेस्ट किया गया। इनके पास से मिले दस्तावेजों को शासन और परीक्षा करा रही एजेंसी के साथ साझा किया गया। पेपर लीक होने पर यूपीटेट की 75 जिलों में आयोजित की गई परीक्षा निरस्त कर दी गई है। जो भी इसमें शामिल हैं उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एक महीने बाद होगी यूपीटेट परीक्षा
एडीजी लॉ एंड आर्डर प्रशांत कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि एक महीने बाद दोबारा यूपीटेट 2021 आयोजित की जाएगी। इसके लिए अभ्यर्थियों को दोबारा फार्म नहीं भरना होगा, ना ही कोई शुल्क जमा करना होगा। परीक्षा की तिथि जल्द घोषित की जाएगी।
रोडवेज बस में अभ्यर्थी कर सकेंगे फ्री यात्रा
प्रेसवार्ता में बताया गया कि यूपीटेट के लिए अभ्यर्थी रात में ही आ गए थे, परीक्षा निरस्त होने के बाद वे अपने घर लौट रहे हैं। इन अभ्यर्थियों के लिए रोडवेज बस में फ्री यात्रा की व्यवस्था की गई है। रोडवेज बस में अभ्यर्थी यूपीटेट 2021 का प्रवेश पत्र दिखाकर फ्री यात्रा कर सकते हैं।
इन जिलों से एसटीएफ ने पकड़े पेपर लीक करने वाले शातिर
प्रयागराज से 13
लखनऊ से 4
मेरठ से 3
वाराणसी से दो
गोरखपुर से दो
कौशांबी से एक