आगरालीक्स…Live.. सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए यूपीटेट का पेपर सरल था। परीक्षा शुरू होने के एक घंटे बाद केंद्र पर हल्ला होने लगा, ओएमआर और पेपर वापस ले लिए। मायूस अभ्यर्थी, बयां किया दर्द।
आगरा में रविवार को यूपीटेट की परीक्षा सुबह 10 12.30 बजे के बीच 80 केंद्रों पर होनी थी, आस पास के जिलों से अभ्यर्थी शनिवार रात को पहुंच गए। सुबह आठ बजे से ही केंद्रों के बाहर अभ्यर्थी और उनके परिजनों की भीड़ लगने लगी। सुबह 10 बजे पेपर शुरू हो गया।

11 बजे तक तीन पेपर कर चुके थे, दो रह गए और हल्ला होने लगा
यूपीटेट की परीक्षा में पांच प्रश्न पत्र करने थे, 150 अंक का पेपर था। तीन पेपर अभ्यर्थी कर चुके थे। चौथा पेपर शुरू कर रहे थे, तभी केंद्र में हल्ला होने लगा, अभ्यर्थियों ने केंद्र निरीक्षक से पूछा क्या हो गया है, उन्होंने कहा कि अभी पांच मिनट में बताते हैं।
पेपर, ओएमआर वापस ले ली
केंद्र निरीक्षक ने कहा कि पेपर के अंदर ही ओएमआर सीट रख दें। पेपर निरस्त हो गया है, यह सुनकर अभ्यर्थी सन्न रह गए, कुछ देर के लिए पिन ड्राप साइलेंस के बाद केंद्र निरीक्षक ने पेपर और ओएमआर सीट वापस लेना शुरू कर दिया। केंद्र पर पुलिस फोर्स बुला लिया गया जिससे हंगामा न हो और अभ्यर्थियों को बाहर निकालना शुरू कर दिया।
सरल आया था पेपर
परीक्षा निरस्त होने के बाद केंद्र से बाहर निकले अभ्यर्थी का कहना था कि पेपर सरल था, तैयारी की थी लेकिन पेपर ही निरस्त हो गया। उन्होंने पेपर लीक होने पर सिस्टम को आड़े हाथ लिया कहा कि नकल माफिया सरकार और सुरक्षा एजेंसियों से ज्यादा तेज हैं। अब कब परीक्षा होगी।
दूसरे पेपर को लेकर अभ्यर्थी रहे परेशान
यूपीटेट की परीक्षा पहली पाली में सुबह 10 से दोपहर 12.30 बजे तक और दूसरी पाली में दोपहर दो से शाम 5.30 बजे तक होनी थी। पहली पाली की परीक्षा निरस्त होने के बाद केंद्र से बाहर निकले अभ्यर्थी दूसरी पाली में होने वाली परीक्षा को लेकर असमंजस में रहे। जानकारी लेते रहे कि दूसरी पाली की परीक्षा होगी या नहीं, उन्हें स्पष्ट किया गया कि पहली और दूसरी पाली सहित दोनों परीक्षा निरस्त कर दी गई है।