आगरालीक्स…Liver Update.. आगरा में शहीद विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान का पार्थिव शरीर पहुंचने के बाद गमगीन माहौल में जब तक सूरज चांद रहेगा, पृथ्वी तेरा नाम रहेगा की गूंज रही, उनकी पत्नी, बेटी, बेटा, माता पिता सहित परिजन और सैन्यकर्मियों के साथ अंतिम दर्शन के लिए जनसैलाब उमड़ा। अंतिम दर्शन के लिए उनके घर से न्यू आगरा रोड तक युवाओं की जनसैलाब और भारत माता की जय के जयकारे गूंजते रहे।
आगरा में शनिवार सुबह 11 बजे कुन्नूर हेलीकाप्टर हादसे में शहीद विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान का पार्थिव शरीर खेरिया एयरपोर्ट पर पहुंचा। यहां केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल, डीएम प्रभु एन सिंह के साथ ही सैन्य अधिकारियों ने श्रद्धांजलि दी। सेना की गाड़ी से खेरिया एयरपोर्ट से पार्थिव शरीर शहीद विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान के घर सरन नगर, न्यू आगरा के लिए निकला।
पुष्प वर्षा और भारत माता की जय
खेरिया एयरपोर्ट से सरन नगर तक सड़क किनारे तिरंगा और पुष्प लेकर खड़े लोगों ने शहीद विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान के पार्थिर शरीर को लेकर जा रही सेना की गाड़ी पर पुष्प वर्षा की। भारत माता की जय के नारे गूंजते रहे। सरन नगर पर पार्थिव शरीर के पहुंचते ही जनसैलाब उमड़ पड़ा।

घर पर अंतिम दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब
शहीद विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान का पार्थिव शरीर सरन नगर पहुंचा, यहां बड़ी संख्या में मौजूद युवा और शहर भर के लोगों ने भारत माता की जय, जब तक सूरज चांद रहेगा, पृथ्वी तेरा नाम रहेगा के नारे लगाने शुरू कर दिए। एयरफोर्स कर्मी शहीद विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान के पार्थिव शरीर को उनके घर लेकर पहुंचे। यहां रास्ते में पुष्प वर्षा हुई।
अंतिम दर्शन को पहुंचने लोग
शहीद विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान के पिता सुरेंद्र सिंह और मां सुशीला देवी सरन नगर स्थित आवास में रहते हैं। सुरेंद्र सिंह के चार बेटी हैं और इकलौते बेटे विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान थे। विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान की शादी 2007 में वृन्दावन निवासी कामिनी से हुई थी, 12 साल की बेटी आराध्या और नौ साल का बेटा अभिराज है।