आगरालीक्स….(Agra News 11th December).. आगरा के लाल शहीद विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान को ताजगंज श्मशान घाट गार्ड आफ आर्नर दिया गया, मुखाग्नि नौ साल के बेटे ने दी, 12 साल की बेटी भी साथ रहीं, पंचतत्व में हुए विलीन.
ताजगंज श्मशान घाट पर शहीद विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान को एयरफोर्स के जवानों ने गार्ड आफ आर्नर दिया। यहां राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान के नौ साल के बेटे अभिराज और 12 साल की बेटी आराध्या अंतिम संस्कार में शामिल रहीं। बेटे अभिराज ने विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान को मुखाग्नि दी।

आगरा में शनिवार सुबह 11 बजे कुन्नूर हेलीकाप्टर हादसे में शहीद विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान का पार्थिव शरीर खेरिया एयरपोर्ट पर पहुंचा। यहां केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल, डीएम प्रभु एन सिंह के साथ ही सैन्य अधिकारियों ने श्रद्धांजलि दी। सेना की गाड़ी से खेरिया एयरपोर्ट से पार्थिव शरीर शहीद विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान के घर सरन नगर, न्यू आगरा के लिए निकला।

पुष्प वर्षा और भारत माता की जय
खेरिया एयरपोर्ट से सरन नगर तक सड़क किनारे तिरंगा और पुष्प लेकर खड़े लोगों ने शहीद विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान के पार्थिर शरीर को लेकर जा रही सेना की गाड़ी पर पुष्प वर्षा की। भारत माता की जय के नारे गूंजते रहे। सरन नगर पर पार्थिव शरीर के पहुंचते ही जनसैलाब उमड़ पड़ा।
घर पर अंतिम दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब
शहीद विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान का पार्थिव शरीर सरन नगर पहुंचा, यहां बड़ी संख्या में मौजूद युवा और शहर भर के लोगों ने भारत माता की जय, जब तक सूरज चांद रहेगा, पृथ्वी तेरा नाम रहेगा के नारे लगाने शुरू कर दिए। एयरफोर्स कर्मी शहीद विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान के पार्थिव शरीर को उनके घर लेकर पहुंचे। यहां रास्ते में पुष्प वर्षा हुई।

गम में शहर
शहीद विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान के पिता सुरेंद्र सिंह और मां सुशीला देवी सरन नगर स्थित आवास में रहते हैं। सुरेंद्र सिंह के चार बेटी हैं और इकलौते बेटे विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान थे। विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान की शादी 2007 में वृन्दावन निवासी कामिनी से हुई थी, 12 साल की बेटी आराध्या और नौ साल का बेटा अभिराज है।