आगरालीक्स…. आगरा के आंबेडकर विवि के दीक्षांत समारोह में तीन साल बाद एसएन की छात्रा गोल्डन गर्ल बनेंगी। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, विशिष्टि अतिथि डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा शामिल होंगे।
आगरा के आंबेडकर विवि का दीक्षांत समारोह मंगलवार को सुबह 10 बजे शुरू होगा, विवि के खंदारी परिसर स्थित जेपी सभागार में आयोजित किए जा रहे दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल आनंदी बेन पटेल करेंगी और विशिष्टि अतिथि उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा होंगे।
तीन साल बाद एसएन की छात्रा गोल्डन गर्ल
विवि के दीक्षांत समारोह में इस बार सबसे ज्यादा मेडल एसएन मेडिकल कॉलेज की एमबीबीएस की फाइनल प्रोफेशनल की छात्रा शिवानी सिंह को मिलेंगे। दीक्षांत समारोह में शिवानी सिंह को 12 गोल्ड और एक सिल्वर मेडल दिया जाएगा। शिवानी सिंह अलीगढ़ की रहने वाली हैं उनके पिता नरेंद्र चौधरी सरकारी ठेकेदार हैं और दो छोटे भाई हैं। शिवानी सिंह का कहना है कि वह डॉक्टर बनकर लोगों की मदद करना चाहती हैं और इस समय पीजी की तैयारी कर रही हैं। उनका लक्ष्य न्यूरोसर्जन बनना है।

दो घंटे चलेगा दीक्षांत समारोह, 109 मेडल दिए जाएंगे
विवि के जेपी सभागार में दीक्षांत समारोह दो घंटे चलेगा। समारोह में 109 मेडल दिए जाएंगे। इसमें से 74 मेडल छात्राओं को मिलेंगे। 35 मेडल छात्रों को दिए जाएंगे।