आगरालीक्स ….इत्र कारोबारी के घर छापे के दौरान नोटों की गिनती करते समय मशीनें गर्म होकर बंद हो गईं, 175 करोड़ कैश गिना गया, 13 और मशीनें मंगाई गईं, इसके बाद भी कैश नहीं गिना जा सका तो कंटेनर में कैश भरकर ले गए। इत्र कारोबारी पीयूष जैन फरार है, टीम ने बेटे प्रियांशु को हिरासत में लिया है।
नवंबर में समाजवादी इत्र बनाने वाले कारोबारी पीयूष जैन के आनंदपुरी, कानपुर में गुरुवार को जीएसटी इंटेलीजेंस महानिदेशालय, डीजीजीआई अहमदाबाद की टीम ने छापा मारा। यहां कारोबारी पीयूष जैन के घर पर नोट भरे देख टीम जांच में जुट गई। कैश की गिनती करने के लिए मशीनें मंगाई गईं लेकिन कैश इतना अधिक था कि गिनते गिनते मशीन गर्म हो गई और बंद हो गईं। इसके बाद 13 और मशीनों से नोटों की गिनती की गई।

175 करोड़ कैश हुआ जब्त
डीजीजीआई ने अभी तक इत्र कारोबारी पीयूष जैन के घर से 175 करोड़ का कैश जब्त करने की पुष्टि की है। कैश इतना अधिक है कि मशीन लगाने के बाद भी गिनती नहीं हो सकी है। ऐसे में कैश को ले जाने के लिए कंटेनर मंगाया गया है।
कानपुर, कन्नौज, गुजरात और मुंबई में भी छापा
टीम द्वारा कानपुर, कन्नौज, गुजरात और मुंबई में छापे मारे हैं। पीयूष जैन का कन्नौज में इत्र का कारोबार है, ओडोचेम प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के नाम से काम है। शिखर पान मसाला भी पीयूष जैन की मिल्कियत का है, पेट्रोल पंप भी है।
प्रियांशु जैन को हिरासत में लिया, आयकर और कस्टम विभाग की टीम भी पहुंची
डीजीजीआई की कार्रवाई में बड़ी मात्रा में कैश मिलने के बाद आयकर और कस्टम विभाग की टीमों को भी बुला लिया गया है लेकिन अभी कस्टम और आयकर विभाग की टीम ने कार्रवाई शुरू नहीं की है।