आगरालीक्स…। आगरा में दुस्साहसिक वारदात। टेड़ी बगिया स्थित एक मोबाइल शोरूम से 15 लाख की चोरी। लाखों के मोबाइल औऱ नकदी ले गए।
12 लाख के मोबाइल और तीन लाख की नगदी ले गए
आगरा में मोबाइल शोरूम से चोरी की बाद सीसी फुटेज चेक करती पुलिस साथ में व्यापारी।
थाना एत्मादउद्दौला के टेड़ी बगिया पर विजय कुमार अग्रवाल का मोबाइल शोरूम है। पास में ही घर है। गुरुवार की सुबह वह दुकान पर पहुंचे तो दुकान का शटर आधा खुला हुआ था। वह शटर उठाकर अंदर घुसे तो शोरूम अस्त-व्यस्त पड़ा था। सामान बिखरा हुआ था। शोर मचाने पर आसपास के दुकानदार भी आ गए। पीड़ित के मुताबिक चोर दुकान से करीब महंगी कीमत के 12 लाख रुपये के मोबाइल और करीब तीन लाख रुपये से ज्यादा की नकदी ले गए हैं।
मास्क लगाए चोरों ने दिया वारदात को अंजाम
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग देखने पर पता चला की मास्क लगाए चार चोर करीब चार बजे शोरूम पर पहुंचे और शटर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए।
कार से आए थे बदमाश
शातिर चोरों ने घटना को 15-20 मिनट में ही अंजाम दे दिया और मोबाइल और कैश को बैग में भरकर कार से भाग गए।
टेड़ी बगिया पर पुलिस चौकी फिर भी वारदात
टेड़ी बगिया के पास ही पुलिस चौकी है। चौराहे के आसपास पुलिस भी तैनात रहती है लेकिन इसके बाद भी चोरी होने की वारदात से दुकानदारों में रोष व्याप्त है। पुलिस की फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर नमूने लिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। व्यापारी की तहरीर के आधार पर कार्रवाई कर चोरी का खुलासा किया जाएगा।
