आगरालीक्स…(30 December 2021 Agra News) यमुना एक्सप्रेस वे पर सुबह 5 बजे बस हाइजैक. ठंड में खींचकर उतार दीं सवारियां. कार सवार ले गए बस. पकड़े जाने पर कुछ और ही निकला मामला.
सुबह पांच बजे की घटना
आगरा में सुबह पांच बजे यमुना एक्सप्रेस वे पर खंदौली टोल प्लाजा के पास कार सवार बदमाशों ने बस हाईजैक कर ली. कार सवार बदमाशों ने चालक और परिचालक की पिटाई कर सवारियों को जबर्दस्ती खीचंकर बस से बाहर निकाल दिया और बस को लेकर चले गए. बस दिल्ली से बिहार जा रही थी. बस के लूटकर ले जाने का मामला सामने आने पर पुलिस भी तुरंत एक्टिव हो गई. पुलिस ने टूंडला बॉर्डर से कार सवार 4 युवकों को अरेस्ट कर लिया है और इनकी कार भी बरामद कर ली है. एसएसपी ने बताया कि मामला लेनदेन से संबंधित है.
ठंड में लूट की सूचना पर सहम गईं सवारियां
बताया जाता है कि दिल्ली से एक प्राइवेट बस बालाजी ट्रेवलर्स की बुधवार रात को करीब 70 यात्रियों को लेकर बिहार के अररिया जिले के लिए रवाना हुई थी. गुरुवार सुबह करीब पांच बजे बस खंदौली टोल प्लाजा क्रॉस कर चुकी थी. बस को दिल्ली के शहादरा में रहने वाले आलम पुत्र फारुख चला रहा था. बताया जाता है खंदौली टोल प्लाजा क्रॉस करने के बाद अचानक बस के सामने एक इको कार ओवरटेक कर सामने आ गई. चालक ने बस को रोका तो कार के अंदर से हथियारों के साथ कुछ युवक निकले और उन्होंने बस में घुसते ही चालक और परिचालक के साथ मारपीट शुरू कर दी. ये देखते ही सवारियों में चीख पुकार मच गई और सभी सहम गईं.
सवारियों को जबरन खींचकर उतारा और बस ले गए
कार सवार युवकों ने बस चालक व परिचालक को पीटकर उनके मोबाइल छीन लिए और उन्हें बस से नीचे उतार दिया.यहां से बदमाश बस को लेकर फरार हो गए. इससे यात्रियों में खलबली मच गई. थोड़ी दूर जाकर बदमाशों ने यात्रियों के साथ मारपीट कर उन्हें भी बस से नीचे उतार दिया और इसके बाद बस को लेकर फरार हो गए. इधर चालक परिचालक पैदल पैदल यमुना टोल प्लाजा पहुंचे. यहां पर उन्होंने बस के लूटने की जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस में भी हड़कंप मच गया. तुरंत मौके पर थाना खंदौली प्रभारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए. चालक परिचालक से पूरी जानकारी ली गई. आगे मिली सवारियों को ढांढस बंधाकर उन्हें दूसरी बसों से उनके गंतव्य के लिए भेजा गया.
पुलिस ने कार सवारों को दबोचा
इधर पुलिस तुरंत इस मामले को लेकर एक्टिव हो गई. बताया जाता है कि पुलिस ने टूंडला बॉर्डर के पास से इको कार को बरामद कर लिया और उसमें सवार चारों बदमाशों को अरेस्ट कर लिया. एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि चालक की तहरीर पर लूट का मुकदमा दर्ज किया गया है और चारों को अरेस्ट किया गया है. मामला बस के लेनदेन का सामने आ रहा है. बताया जाता है कि कुछ दिन हपले बस का सौदा हो गया था. उस पार्टी द्वारा रकम न देने पर बस मालिक बस को वापस ले आया था. पुलिस इस मामले की अभी और जांच कर रही है.