
श्रीराधारानी के गांव बरसाने की तंग गलियों में गुरुवार को हुरियारिनों के हाथों प्रेम पगी लाठियां हुरियारों पर बरस रही थीं और श्रीकृष्ण के सखा इन लाठियों में प्रेम की अनुभूति से आनंदित थे।
घर-घर में नई नवेली दुल्हनें सोलह शृंगार कर हाथ में लाठियां लिए थीं, इधर भगवान श्रीकृष्ण के गांव नंदगांव से आए हुरियारे श्री लाड़िलीजी का आशीर्वाद लेकर इन हुरियारिनों की प्रेम पगी लठामार होली को जीने के लिए उत्साहित थे।
शाम चार बजते-बजते बरसाने की गलियों में हुरियारिनें हाथों में लाठियां लेकर आ गईं। नंदगांव के हुरियारे भी श्रीजी का आशीर्वाद लेकर प्रेम रस बरसाती लाठियों से बचने के लिए बार-बार अपनी ढाल का इस्तेमाल करते रहे। हर गली, चौक-चौबारे में हुरियारिनों की लाठियां और हुरियारों की छींटाकशी के आकर्षण में खिंचे चले आए लाखों श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए।
खेली होली
भगवान वैकुंठनाथ ने भक्तों के साथ होली खेली। महोत्सव के अंतर्गत शाम को शोभायात्रा निकाली गई। शाम करीब चार बजे कांच के विमान में विराजमान होकर भगवान वैकुंठनाथ मंदिर प्रांगण से नगर भ्रमण के लिए निकले।
शोभायात्रा में संकीर्तन करते हुए श्रद्धालु ढोल नगाड़ों की थाप पर गुलाल उड़ाते चल रहे थे। सेवायत भक्तों पर पिचकारी से रंग डाल रहे थे। इससे संपूर्ण वातावरण होलीमय हो गया। शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। शोभायात्रा में नगर भ्रमण को निकले भगवान वैकुंठनाथ के दर्शनों और प्रसादी रंग डलवाने की श्रद्धालुओं में होड़ सी रही। इसके बाद धार्मिक अनुष्ठान किए गए।
स्कूलों में होली
स्कूलों की छुटटी होने के साथ बच्चे होली खेल रहे हैं, होली की मस्ती के साथ हुडदंग करते हुए छात्र छात्राएं जमकर मस्ती कर रहे हैं। अधिकांश स्कूलों में परीक्षाएं हो चुकी हैं और स्कूलों में छुटटी कर दी गई हैं।
Leave a comment