नईदिल्लीलीक्स…। देश में कोरोना के एक लाख से ज्यादा नये केस। मुंबई से मजदूरों का पलायन। पीएम की सुरक्षा में चूक की सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई। साथ में प्रमुख खबरें।
मुंबई में प्रवासी मजदूरों को स्टेशन पर लठियाया
महाराष्ट्र में कोरोना के केसों में तेजी से इजाफे को देखते हुए लॉकडाउन की आशंका के बीच प्रवासी मजदूरों का एक बार फिर पलायन शुरू हो गया है। मुंबई रेलवे स्टेशन पर एक बार फिर प्रवासी मजदूरों का जमावड़ा लग गया है। स्टेशन पर भीड़ लगने पर पुलिस ने लठियाया भी लेकिन मजदूरों को टिकट नहीं मिल पा रहा है। मजदूरों का कहना है कि मुंबई में लॉकडाउन लग गया तो उनके खाने के भी लाले पड़ जाएंगे। इसलिए वह अपने घरों को जाना चाहते हैं। मुंबई में पिछले 24 घंटों में बीस हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं।
पीएम की सुरक्षा में चूक की सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक मामले मे शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया कि सभी रिकॉर्ड हरियाणा-पंजाब हाईकोर्ट के रजिस्टार जनरल के पास सुरक्षित रखे जाएंगे। अब मामले की सुनवाई सोमवार को होगी। मामले की जांच में एनआईए भी शामिल हो रही है। याचिकाकर्ता मनिंदर सिंह ने कहा कि मामला लॉ एंड ऑर्डर का नहीं बल्कि स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप एक्ट का है। पीएम खुद चाहकर भी इसे नहीं हटा सकते। पंजाब सरकार इस मामले की जांच भी हीं कर सकती।
देश में कोरोना के एक लाख से ज्यादा केस
देश में कोरोना का कहर लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार को कोरोना के 1,17,100 केस आए हैं। यह सात महीने में सबसे ज्यादा है। गुरुवार को भी 90 हजार से ज्यादा केस आए हैं। इस अविधि के दौरान 302 लोगों की मौत भी हुई है। कोरोना के सर्वाधिक मामले महाराष्ट्र से सामने आ रहे हैं।