आगरालीक्स….आगरा में कई घंटे से खड़ी कार का शीशा तोड़कर पुलिस ने ट्रांसपोर्टर को बाहर निकाला, अस्पताल लेकर पहुंचे वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौत किस कारण से हुई, इसके लिए पोस्टमार्टम कराया गया है।
आगरा में शुक्रवार को कीठम, रुनकता के सामने हाईवे पर काफी देर से कार खड़ी हुई थी। स्थानीय लोग कार के पास पहुंचे, कार की ड्राइवर सीट पर एक युवक बैठा हुआ था और अचेतावस्था में था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने के बाद कार के गेट खोलने की कोशिश की गई लेकिन वे अंदर से बंद थे।

शीशा तोड़कर बाहर निकाला, मौत
कार का पीछा का शीशा तोड़ने के बाद गेट खोला गया। एसएन मेडिकल कालेज लेकर पहुंचे, यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सीओ हरीपर्वत एएसपी सत्य नरायन का मीडिया से कहना है कि मृतक की पहचान ताजगंज निवासी हरेंद्र राठौर के रुप में हुई है, उनकी जीवनी मंडी में ट्रांसपोर्ट कंपनी है।
हर शुक्रवार को जाते थे सूर कुटी कीठम
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि हरेंद्र राठौर हर शुक्रवार को कीठम स्थित सूर कुटी जाते थे, वहां से ट्रांसपोर्ट कंपनी पर आ जाते थे। सुबह आठ बजे अपनी कार से निकले थे। परिजनों को आशंका है कि कार में ही उनकी तबीयत बिगड़ी होगी, वे कार का गेट भी नहीं खोल पाए इसलिए मौत हो गई। हालांकि पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।