आगरालीक्स…(23 February 2022 Agra News) आगरा के एक स्टूडेंट को 60 हजार का आईफोन 12 हजार रुपये में आनलाइन मिल रहा. 32 हजार देने के बाद महसूस हुआ कि मेरे साथ तो फ्रॉड हो गया…
साइबर क्राइम के प्रति जागरूकता लाने के लिए शासन, प्रशासन, पुलिस द्वारा लगातार लोगों को अवेयर किया जाता है. लोगों से कहा जाता है कि किसी भी अनजान कॉल या किसी लिंक पर क्लिक न करें, क्योंकि ऐसा करते ही आप ठगी का शिकार हो सकते हैं, लेकिन अभी भी बहुत से ऐसे लोग हैं जो कि इन साइबर अपराधियों के झांसे में आसानी से आ जाते हैं. आगरा का एक स्टूडेंट साइबर अपराधियों का शिकार हो गया. ठगी का शिकार होने के बाद उसने इसकी शिकायत साइबर सेल में की है.

इस छात्र का नाम हेमंत है और यह थाना सदर क्षेत्र का रहने वाला है. हेमंत बीए का स्टूडेंट है. शिकायत के अनुसार दो दिन पहले उसके एक दोस्त ने फेसबुक पर आईफोन को बेचने का विज्ञापन देखा था. आईफोन की कीमत 60 हजार रुपये बताते हुए उसे सिर्फ 12 हजार रुपये में बेचने का विज्ञापन था. इस पर दोस्त् ने इसकी जानकारी हेमत को दी तो उसे ये फोन देखते ही पसंद आ गया. विज्ञापन पर दिए नंबर पर हेमंत ने कॉल किया तो कॉल रिसीव करने वाले ने खुद को फौजी बताया.
कॉल पर फौजी बने शातिर ने बताया कि उसी तैनाती दूसरे राज्य में होने वाली है. वहां पर वह मोबाइल का यूज नहीं कर सकता. इसके कारण वह अपना नया आईफोन मोबाइल बेचरहा है. शातिर ने अपना फोटो भी उसे भेज दिया. इससे हेमंत को विश्वास हो गया और वह फोन खरीदने के लिए तैयार हो गया. शातिर ने पहले हेमंत से तीन बार में 12 हजार रुपये जमा करा लिए. इसके बाद भी जब फोननहीं आया तो उससे कहा कि वह इतनी ही रकम और जमा करा दे. अपने खाते में आने वाली रकम को वह लौटा देगा. इस तरह शातिर ने हेमंत से 20 हजार रुपये और जमा करा लिए.
इसके बाद भी फोन नहीं आया और आरोपी और रकम की मांग करने लगा तो हेमंत को शक हुआ. उसने उसी नंबर पर कॉल करके अपनी रकम मांगने को कहा तो आरोपी शातिर ने अपना मोबाइल बंद कर लिया. बुधवार को पीड़ित छात्र ने इसकी शिकायत साइबर सेल में की है.