आगरालीक्स…आगरा में एक और युवक की मौत. फिर प्रेम प्रसंग का मामला. पेड़ पर लटका मिला युवक का शव. पुलिस कर रही जांच
आगरा में सुसाइड के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. हर दिन कोई न कोई सुसाइड की घटना आगरा में सामने आ रही है. खास बात ये है कि इन सुसाइड की वजह सबसे ज्यादा प्रेम प्रसंग की सामने आ रही हैं. थाना छत्ता में एक युवक ने भी प्रेम प्रसंग में सुसाइड किया था तो वहीं थाना सिकंदरा क्षेत्र में युवक ने होटल में अपनी प्रेमिका की हत्या कर खुद जहर खाकर जान देने का प्रयास किया था. गुरुवार को एक और युवक का शव पेड़ पर बनाए गए फंदे पर लटका मिला. परिजनों ने प्रेम प्रसंग के चक्कर में हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने इस मामले में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.

थाना निबोहरा अंतर्गत गांव रामगढ़ में रहने वाले 28 साल के योगेश का शव आज ग्रामीणों ने एक पेड़ पर बनाए गए फंदे पर लटका देखा. युवक एक दिन पहले से लापता था. मृतक के पिता विजेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि बुधवार को योगेश घर से निकला था लेकिन तभी से उसका कुछ पता नहीं था. देर तक घर नहीं आने पर उसकी तलाश की गई. गुरुवार की सुबह गांव से कुछ दूर योगेश का शव पेड़ पर लटका मिला. पलिस ने शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
प्रेम प्रसंग में हत्या का आरोप
परिजनों का आरोप है कि योगेश के संबंध गांव की ही रहने वाली एक महिला से थे. इसके चते उसकी हत्या कर शव को लटकाया गया है. पुलिस ने इस मामले में तहरीर पर गांव के छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.