आगरालीक्स…आगरा में ‘द कश्मीर फाइल्स’ फिल्म न दिखाने पर सिनेमाघरों में लगाया ताला. टॉकीज के बाहर जमकर नारेबाजी. सिनेमाघर संचालकों को दी ये धमकी
कश्मीरी पंडितों के ऊपर बनी फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ की इस समय पूरे देश में चर्चा है. फिल्म की चर्चा को देखते हुए इसकी स्क्रीन भी 600 से बढ़कर 2000 कर दी गई हैं. इधर जिन सिनेमाघरों में इस मूवी को नहीं दिखाया जा रहा है, इसको लेकर हिंदू संगठन द्वारा प्रदर्शन भी किया जा रहा है. आगरा में भी सोमवार को राष्ट्रीय हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया. संजय टॉकीज पर पहुंचे सभी कार्यकर्ताओं ने न सिर्फ यहां पर नारेबाजी की बल्कि सिनेमाघर के बाहर ताला भी लगा दिया. सिनेमाघर संचालकों को धमकी दी गई कि अगर ये फिल्म नहीं दिखाई गई तो आग भी लगा सकते हैं. सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई.
संजय टॉकीज पर किया प्रदर्शन
सोमवार को राष्ट्रीय हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने संजय टॉकीज के बाहर प्रदर्शन व हंगामा किया. परिषद के अध्यक्ष गोविंद पाराशन का कहना है कि षड्यंत्र के तहत सिनेमाघरों में ‘द कश्मीर फाइल्स’ नहीं दिखाई जा रही है. उन्होंने कहा कि कश्मीरों पंडितों पर हुए अत्याचार की वास्तविकता फिल्म में है जिसके कारण मुंबई में बैठे कुछ बड़े लोग इशारे पर इस फिल्म को प्रदर्शित करने से रोक रहे हैं. उन्होंने धमकी देते हुए कहा कि जिन सिनेमाघरों में इस फिल्म को नहीं लगाया गया और उसमें दूसरी फिल्मों को भी नहीं चलने दिया जाएगा. संजय टॉकीज पर तालाबंदी भी की.
इधर संजय टॉकीज के प्रबंधक का कहना है कि फिल्म की डिमांड बहुत अच्छी है. हम फिल्म के डिस्ट्रीब्यूटर से संपर्क भी कर रहे हैं, अभी एक ही शो मिल रहा है. फिलहाल ये फिल्म आगरा के चार मल्टीप्लेक्स और दो सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जा रही है. हमें डिस्ट्रीब्यूटर से फिल्म् नहीं मिल रही है जिसके कारण सिनेमाघरों में ये फिल्म नहीं चला पा रहे हैं.