आगरालीक्स…आगरा के आईएसबीटी पर यात्री की मौत. संवेदनहीनता आई सामने. दो घंटे पड़ा रहा शव. भाई भटकता रहा…
आगरा के आईएसबीटी पर आज उस समय संवेदनहीनता देखने को मिली जब एक बस में सवार एक यात्री की अचानक तबियत बिगड़ गई. रोडवेज बस चालक ने बीमार व्यक्ति और उसके भाई के आईएसबीटी पर उतार दिया. यहां बीमार व्यक्ति की मौत हो गई. आरोप है कि दो घंटे तक आईएसबीटी पर शव पड़ा रहा और उसका भाई मदद के लिए भटकता रहा. स्थानीय नागरिक ने इसका एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला जिसके बाद पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस बुलवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

घटना मंगलवार दोपहर करीब एक बजे के आसपास की है. फिरोजाबाद के सिरसागंज क्षेत्री निवासी 33 वर्षीय भोला एक महीने पहले से पीलिया से पीड़िता था.मंगलवार को वह अपने भाई के साथ गुड़गांव से बस से आगरा आ रहा था. रोडवेज बस में अचानक उसकी तबियत बिगड़ गई. इस पर बस चालक ने उन्हें आईएसबीटी पर उतार दिया. बताया जाता है कि यहां थोड़ी देर बाद ही भोला की मौत हो गई. मृतक का भाई मदद मांगने के लिए काउंटर आदि स्थानों पर गया लेकिन आरोप है कि यहां किसी भी प्रकार की कोई मदद नहीं की गई. तभी एक स्थानीय नागरिक ने ये देखा तो इसका एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. सूचना पर पुलिस मौके पर आ गई और एंबुलेंस के द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.
इस मामले में आईएसबीटी प्रभारी चंद्रहंस ने बताया कि आरोप गलत हैं. इसकी सूचना मिलते ही तत्काल एंबुलेंस को दी गई. एंबुलेंस की मदद से दोनों भाईयों को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां भोला को मृत घोषित कर दिया गया.