आगरालीक्स…साली के साथ शादी की जिद पर अड़ा जीजा. इनकार किया तो कर दिया फोटो वायरल. ससुरालियों ने कर दी धुनाई…
एक युवक पर मोहब्बत का खुमार ऐसा चढ़ा है कि वह अपनी ही साली के साथ शादी की जिद पर अड़ गया है. यही नहीं साली ने जब शादी से इनकार कर दिया तो आरोपी जीजा ने उसके साथ खींचा एक फोटो वायरल कर दिया. इससे नाराज ससुरालियों ने जीजा की जमकर धुनाई कर डाली और पुलिस के हवाले कर दिया. हालांकि बाद में दोनों पक्ष से समझौता कर दिया गया है.

मामला आगरा मंडल के मैनपुरी जिले का है. बिछवां गांव का रहने वाला एक युवक ट्रक चालक है और उसकी शादी पटियाली की रहने वाली युवती के साथ हुई है. शादी से उसे दो बच्चे भी हैं लेकिन पिछले दिनों उसके प्रेम संबंध अपनी साली से भी हो गए हैं. युवक पर प्रेम का खुमार ऐसा चढ़ा कि वह साली के साथ शादी करने के लिए जिद करने लगा. उसने इसकी जानकारी अपने पत्नी को दी तो पत्नी ने विरोध किया और समझाने का भी प्रयास किया लेकिन युवक नहीं माना. बात ससुरालियों तक पहुंची तो उन्होंने विरोध किया. साली ने भी शादी से इनकार कर दिया. इस पर आरोपी जीजा ने साली के साथ खिंचा हुआ एक फोटो वायरल कर दिया.
इसकी जानकारी जब ससुरालियों को हुई तो वो गुस्से में आगबबूला हो गए और अन्य लोगों के साथ गांव पहुंच गए. यहां उन्होंने आरोपी युवक की जमकर धुनाई कर डाली और फिर बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया. हालांकि दोनों पक्षों में बाद में समझौता हो गया लेकिन ये मामला पूरे गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है.