आगरालीक्स… आज से तेज गर्मी पड़ेगी, यानि नौतपा शुरू हो गया है। सूर्य अपने उच्च ताप में जाएंगे। आम जनमानस को बरतनी होगी सावधानी।
सूर्यदेव 15 दिन रहेंगे रोहिणी नक्षत्र में

श्री गुरु ज्योतिष शोध संस्थान अलीगढ़ के ज्योतिषाचार्य पं. हृदय रंजन शर्मा के मुताबिक आज 25 मई को सूर्य देव प्रातः 7 बजकर 5 मिनट से रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश कर गए हैं और 15 दिनों तक इसी नक्षत्र में स्थित रहेंगे।
गर्मी अपने चरम पर पहुंच सकती है
रोहिणी नक्षत्र में सूर्यदेव के प्रवेश से नौतपा भी प्रारंभ हो जाएंगे। और इस नक्षत्र में सूर्य देव 08 जून तक रहेंगे। नौतपा से आशय सूर्य का नौ दिनों तक अपने सर्वोच्च ताप में होना है यानि इस दौरान गर्मी अपने चरम पर होती है।
सूर्य की किरणें धरती पर लम्बवत पड़ेंगी
ज्योतिष गणना के अनुसार, जब सूर्य रोहिणी नक्षत्र में 15 दिनों के लिए आता है तो उन पंद्रह दिनों के पहले नौ दिन सर्वाधिक गर्मी वाले होते हैं। इन्हीं शुरुआती नौ दिनों को नौतपा के नाम से जाना जाता है। खगोल विज्ञान के अनुसार, इस दौरान धरती पर सूर्य की किरणें सीधी लम्बवत पड़ती हैं। इस कारण तापमान अधिक बढ़ जाता है।
ज्योतिष के सूर्य सिद्धांत और श्रीमद् भागवत में नौतपा का वर्णन आता है। कहते हैं जब से ज्योतिष की रचना हुई, तभी से ही नौतपा भी चला आ रहा है। सनातन सस्कृति में सदियों से सूर्य को देवता के रूप में भी पूजा जाता रहा है।
नौ दिन पड़े भीषण गर्मी तो अच्छी बारिश के संकेत
हिंदू पंचांग में लिखा है कि ‘ज्येष्ठ मासे सिते पक्षे, अद्रादि दसतारका। सजला निर्जला गेया निर्जला सजलास्तथा’। तात्पर्य यह है कि ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष में जिस दिन आद्रा नक्षत्र शुरू होता है, उस नक्षत्र से अगले 10 नक्षत्र तक नौतपा माना गया है। माना जाता है कि यही 10 नक्षत्र मानसून में पानी प्रदान करते हैं।
नौतपा में बारिश पड़े तो अच्छी बारिश नहीं
नौतपा के दौरान यदि बारिश होती है तो मानसून के मौसम में सूखा पड़ने की संभावना रहती है और यदि नौतपा में भीषण गर्मी पड़े तो बारिश अच्छी होती है।खेतीबाड़ी भी बहुत अच्छी होती हैं इस साल नौतपा में अलग-अलग दिन पड़ने वाले ऊर्जा प्रधान नक्षत्रों के प्रभाव से भयंकर गर्मी पड़ने की संभावना है।
भगवान की मूर्तियों को लगाएं चंदन का लेप
इन दिनों व्रत उपवास और पूजा पाठ कर जल दान करना लाभकारी रहेगा। इसके साथ ही मंदिरों में भगवान की मूर्तियों को चंदन का लेप लगाने से भगवान को शीतलता मिलेगी।
पशु-पक्षियों के लिए दाना-पानी रखें
नौतपा के दौरान खूब गर्मी पड़ती है और पशु-पक्षी भी परेशान हो जाते हैं। ऐसे में पशुओं के लिए चारा, पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करनी चाहिए। मजदूरों, राहगीरों को शर्बत और छाछ पिलाना चाहिए। इससे पुण्य फल की प्राप्ति होती है।