आगरालीक्स…आगरा में डेयरी व्यापारी को चार बदमाशों ने कार में बिठाया. किराया पूछने पर कहा—जितना दोगे, उतना ले लेंगे. रास्ते में 52 हजार रुपये कैश, मोबाइल, आईपैड लूटकर चलती गाड़ी से फेंक दिया…
आगरा के थाना ताजगंज अंतर्गत डेयरी व्यापारी को कार सवार बदमाशों ने लिफ्ट देकर लूट लिया. बदमाशों ने उससे 52 हजार रुपये, मोबाइल आदि लूट लिया और फिर चलती गाड़ी से फेंक दिया. पीड़ित व्यापारी ने मुकदमा दर्ज कराया लेकिन अभी तक पुलिस आरोपियों का सुराग नहीं लगा सकी है.

सात दिन पुराना है मामला
मामला 18 मई का है. शमसाबाद के मोहल्ला गोपालपुरा में देवेंद्र सेठी रहते हैं. उनकी पावन धाम कॉलोनी ताजगंज में डेयरी हे. 18 मई की रात को वह दुकान बंद करके कहरई मोड़ पर आटो का इंतजार कर रहे थे. तभी एक आल्टो कार आकर रुकी. उसमें चालक सहित चार लोग थे. कार चालक सवारियां भरने की आवाज लगा रहा था और डेयरी व्यापारी के पास आकर जाने के बारे में पूछा. कार सवार चालक ने शमसाबाद जाने के बारे में कहकर उन्हें कार में बैठा लिया. किराया पूछने पर कहा कि जितना आप दोगे उतना ले लेंगे. इस पर व्यापारी कार में बैठ गया. सौ मीटर आगे चलने पर चालक सहित सवार चारों लोगों ने व्यापारी को लूट पकड़ लिया और मारपीट कर उसके पास मौजूद 52 हजार रुपये, चाबी, टिफिन, दो लीटर दूध से भरी डोलची, एक बैग जिसमें आईपैड और मोबाइल रखा था छीन लिया और चलती गाड़ी से उसे धक्का देकर फेंक दिया. व्यापारी ने किसी तरह इसकी जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम में दी. पीआरवी मौके पर पहुंच गई लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई.
इस मामले में पीड़ित ने तीन दिन पहले एसपी सिटी से शिकायत की. इस पर थाना ताजगंज में मुकदमा दर्ज कर लिया. सात दिन बीतने के बाद भी बदमाश बेसुराग हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं.