आगरालीक्स…आगरा में अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान तेज हो गया है। बाजार खुलने से पहले ही बुल्डोजर पहुंच गया, आज इस क्षेत्र में हटाया जा रहा अतिक्रमण।
बाजार कमेटियों के साथ बैठक और अतिक्रमण हटाने के लिए दी गई चेतावनी के बाद आगरा में अतिक्रमण अभियान तेज हो गया है। आज सुबह बुल्डोजर बल्केश्वर क्षेत्र में गरजा। इस बीच व्यापारियों ने विरोध भी दर्ज कराया। सैकड़ों लोगों की भीड़ इकठ्ठा हो गई। इस बार अभियान सख्ती के साथ चलाया जा रहा है।

प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में आज सुबह नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान बल्केश्वर क्षेत्र में चलाया गया। यहां मुख्य पार्क और वाटरवक्र्स से महादेव मंदिर जाने वाले मार्ग पर दुकानदारों ने अपनी दुकानें आगे बढ़ा ली हैं। वे सड़क तक सामान रख लेते हैं। पुलिस की मौजूदगी में निगम कर्मियों ने सड़क किनारे हो रखा अतिक्रमण ढहाना शुरू कर दिया। प्रतिष्ठानों के बाहर सड़कों पर लावारिस की तरह रख दिया गया सामान भी जब्त करना शुरू कर दिया। इस पर कुछ व्यापारियों ने विरोध दर्ज करने की कोशिश की। देखने वालों की भीड़ भी इकठ्ठी हो गई। भारी पुलिस बल तैनात था। कई प्रतिष्ठानों के बाहर स्थाई, अस्थाई छज्जे बाहर निकले हुए थे। इन्हें गिरा दिया गया। टीन शेड भी बाहर तक निकले हुए थे, इन्हें भी हटाया गया। वहीं आगे की जगह घेरने वाले प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई हुई। सड़कों पर बेपरवाह होकर रखा गया सामान जब्त कर लिया गया।