आगरालीक्स…आगरा में लगातार पांचवें दिन 45 डिग्री सेल्सियस तापमान. गर्मी से दहक रहा आगरा. फिलहाल राहत की कोई संभावना नहीं. जानिए आगरा सहित यूपी में कब होगी मानसूनी बारिश….
आगरा इस समय भीषण गर्मी से दहक रहा है. पिछले पांच दिन से तापमान लगातार 45 डिग्री सेल्सियस के करीब ही है. गर्मी के कारण लोगों के हाल बेहाल हैं. दोपहर के समय कॉलोनियों और कई मुख्य मार्गों में तो सन्नाटा पसर जाता है. दोपहर को धूप की तपिश इतनी अधिक होती है एक पल ठहरना ही मुश्किल हो रहा है. घरों व आफिसों से लोग दोपहर को कम ही बाहर निकल रहे हैं. जिनको ज्यादा मजबूरी या जरूरी काम है वही लोग दिन में सफर कर रहे हैं. यही नहीं गर्मी का असर रात 12 बजे तक महसूस हो रहा है. दिन में निकलने वाली धूप की तपिश रात को 12 बजे तक महसूस हो रही है और यही कारण है कि रात का तापमान भी बढ़ रहा है.
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि फिलहाल आने वाले एक सप्ताह तक तो राहत की कोई उम्मीद नहीं है. तीन या चार दिन बाद तापमान में थोड़ी कमी आएगी लेकिन फिर भी यह 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक बना रहेगा.
25 जून तक आ सकता है मानसून
इधर मौसम विभाग के अनुसार मानसून की रफ्तार इस बार बिल्कुल सही है और उसकी राह में फिलहाल कोई बाधा भी नहीं आ रही है. इस बार अच्छी बारिश के संकेत मौसम विभाग ने जताए है. मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि इस सप्ताह में महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में मानसून पहुंच सकता है, वहीं 15 जून के आसपास छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड में मानसूनी बारिश हो सकती है. दिल्ली, यूपी, हरियाणा, पंजाब, गुजरात आदि राज्यों में इसके 25 जून तक पहुंचने की संभावना है. हालांकि इससे पहले 15 जून के आसपास यूपी में प्री मानसून की बारिश भी हो सकती है.