नईदिल्लीलीक्स… राष्ट्रपति चुनावों के लिए तारीखों की घोषणा होगी। खुद से शादी करने वाली युवती गोवा में मनाएगी हनीमून। साथ में प्रमुख खबरें।
गंगा दशहरा पर लाखों लोगों ने लगाई डुबकी

गंगा दशहरा का पर्व आज धूमधाम के साथ मनाया गया। गंगा-यमुना समेत तमाम नदियों में लोगों ने स्नान कर दान-पुण्य किया।
हर की पैड़ी और संगम पर उमड़ा जनसैलाब

कन्नौज में दशहरा पर गंगा घाट पर स्नान करते श्रद्धालु।
हरिद्वार स्थित हर की पैड़ी, प्रयागराज में संगम तट पर हजारों लोगों ने तड़के ही गंगा में डुबकी लगाई। अन्य स्थानों के नदियों के तट पर सुबह से लोग स्नान के लिए जुटे रहे।

राष्ट्रपति कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई तक है
देश में राष्ट्रपति चुनाव के लिए आज शाम तक तारीखों की घोषणा होने की संभावना है। चुनाव आयोग राष्ट्रपति चुनाव से जुड़ी महत्वपूर्ण तारीखों की घोषणा करेगा। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई 2022 को खत्म हो रहा है। इससे पहले देश का अगला राष्ट्रपति चुन लिया जाएगा। कई दशकों से इसी तारीख के आसपास राष्ट्रपति के चुनाव होते आ रहे हैं।
खुद से शादी रचाने वाली क्षमा गोवा में मनाएगी हनीमून

वडोदरा की रहने वाली क्षमा बिना दूल्हे के खुद से शादी करने के बाद अब हनीमून के लिए गोवा जाएगी। क्षमा अपनी खुद से शादी पहले 11 जून को मंदिर में करना चाहती थी लेकिन लोगों के विरोध पर इसे आठ जून को घर पर ही किया।
पंडित ने नहीं कराई शादी, टेप से बजाए मंत्र
पंडित ने भी शादी कराने से इंकार कर दिया। इस पर टेप बजाकर मंत्रोचारण के जरिये शादी की। क्षमा के शादी के फोटो भी अब खूब वायरल हो रहे हैं। वह शादी के बाद हनीमून के लिए गोवा जाएगी।
ओवैसी और स्वामी यति नरसिंहानंद पर भी रिपोर्ट
दिल्ली पुलिस ने एआईएमआईएम नेता असदुद्दीन ओवैसी और स्वामी यति नरसिंहानंद के खिलाफ भड़काऊ टिप्पणी का मामला दर्ज किया है। दिल्ली पुलिस ने भड़काऊ टिप्पणी के मामले में नूपुर शर्मा और नवीन जिंदल के खिलाफ भी मामला दर्ज किया था। भाजपा की निलंबित प्रवक्ता नूपुर शर्मा की टिप्पणी के बाद लगातार हो रही टिप्पणियों को देखते हुए दिल्ली पुलिस की साइबर सेल मुकदमे दर्ज कर रही है। रिपोर्ट में अनिल कुमार, पूजा शकुन, शादाब चौहान, सबा नकवी आदि शामिल है।