
आगरा की पॉश कॉलोनी भरतपुर हाउस, खंदारी थाना हरीपर्वत की कोठी में कारोबारी राजकुमार लालवानी रहते हैं। सोमवार दोपहर में राजकुमार से मिलने के लिए उनका साथी सर्राफा कारोबारी संजीव रस्तोगी कोठी पहुंचा। यहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया और दोनों तरफ से गोलियां चलने लगी। कोठी में गोली चलने पर आस पास के लोग बाहर निकल आए, कोठी का गेट बंद था और चीखने चिल्लाने की आवाजें आ रही थी। कुछ मिनट बाद कोठी का गेट खुला, उसमें से खून से लथपथ एक कारोबारी के दो लोग हाथ और एक पैर पकड कर गेट से बाहर लेकर आए, उसे गाडी में डाला और हॉस्पिटल ले गए। कोठी में उस समय कई लोग थे, वे भी बाहर निकल आए। कई राउंड फायरिंग होने से आस पास के लोग दहशत में हैं, उन्होंने भी अपनी कोठी के गेट बंद कर लिए, कुछ देर बाद पुलिस के आने पर लोग कोठी से बाहर निकले।
पुलिस के पहुंचने से पहले ही हॉस्पिटल कराया भर्ती
पॉश कॉलोनी में गोलीकांड की सूचना पर एएसपी अनुराग वत्स सहित थाना हरीपर्वत से पुलिस फोर्स पहुंच गया। मगर, वहां गोली लगने से घायल हुए कारोबारी नहीं थे, कोठी के गेट पर ही लग्जरी गाडी खडी हुई थी। उसके पास ही खून बिखरा था, इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि गोली गेट के पास ही चली थी।
हालत गंभीर, परिजनों ने साधी चुप्पी
बताया जा रहा है कि गोली दोनों तरफ से चली हैं और दोनों घायल हैं। इस मामले में परिजन कुछ भी बोलने से बच रहे हैं, उन्होंने चुप्पी साध ली है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
Leave a comment