आगरालीक्स…आगरा में चल रही लू. रात को भी 5 °C अधिक तापमान. 200 किमी. दूर दिल्ली में आने वाले सात दिन बारिश की संभावनाएं. जानें आगरा में कैसा रहेगा मौसम…
आगरा में इस समय रिकॉर्ड गर्मी पड़ रही है. पिछले लगभग 15 दिन से आगरा में लू चल रही है. इसका असर ये है कि रात को भी गर्मी से चैन नहीं मिल रहा है और तापमान लगातार अधिक हो रहा है. जून के महीने में आगरा में लगातार 45 डिग्री सेल्सियस तापमान बना हुआ है और राहत की कोई संभावना भी नहीं दिखाई दे रही है. मंगलवार को भी सुबह से तेज धूप निकली जो कि दिन में ऐसा लग रहा था मानो आसमान से आग बरस रही हो. गर्मी के कारण कूलर भी बेअसर साबित होने लगे हैं. रात को भी गर्मी इतनी अधिक होती है कि नींद नहीं आती.

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान यानी रात का तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
दिल्ली में पारा गिरा, बारिश की संभावनाएं
आगरा से 200 किलोमीटर दूर दिल्ली में बारिश् की संभावनाएं मौसम विभाग ने जताई है. आने वाले सात दिन दिल्ली में प्री मानसून की संभावना है, वहीं पारा भी लगातार गिर रहा है. दिल्ली में औसतन तापमान इस समय 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है.