आगरालीक्स…(VIDEO NEWS) आगरा में अब अवैध होर्डिंग्स पर चल रहा बुलडोजर. संजय प्लेस में जेसीबी ने उखाड़ फेंके अवैध होर्डिंग्स. जुर्माना भी. दोबारा लगाने पर होगा एक्शन…
आगरा में इस समय अतिक्रमण अभियान चल रहा है. बाजारों से लेकर मुख्य मार्गों तक से अतिक्रमण हटाया जा रहा है. अब इसी क्रम में नगर निगम की ओर से अवैध रूप से लगाए गए होर्डिंग्स को भी हटाने का अभियान शुरू किया गया है. मंगलवार को नगर निगम की टीम ने संजय प्लेस में लगे अवैध होर्डिंग्स के खिलाफ कार्रवाई की. निगम के जेसीबी ने यहां लगे अवैध होर्डिंग्स को उखाड़ फेंका. यह अभियान पूरे क्षेत्र में चला.
इस संबंध में नगर निगम की ओर से अवैध होर्डिंग्स लगाने वालों को चेतावनी भी दी गई. उन्होंने कहा कि अगर कहीं भी अवैध रूप से होर्डिंग्स लगा पाया गया तो लगाने वाले से जुर्माना भी वसूला जाएगा और उसको दोबारा अवैध रूप से होर्डिंग्स न लगाने की चेतावनी दी जाएगी. अगर कोई दोबारा अवैध रूप से होर्डिंग्स लगाने में संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी.
बता दें कि कि प्रदेश सरकार के आहृवान पर इस समय शहर में अतिक्रमण, अवैध स्टैंड्स, अवैध पार्किंग्स के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. अब इसी क्रम में नगर निगम की ओर से अवैध होर्डिंग्स भी हटाना शुरू किए गए हैं. यह अभियान पूरे शहर में चलाया जाएगा.
इस संबंध में क्षेत्रीय दुकानदारों का कहना है कि कुछ लोग जबर्दस्ती दुकानों के सामने होर्डिंग्स लगाते हैं. जब उनसे इनको लगाने का कारण पूछा जाता हे तो कहते हैं कि नगर निगम की परमीशन से लगाए गए हैं. यही नहीं विरोध पर इनके द्वारा धमकी भी दी जाती है. संजय प्लेस में सामने लगे होर्डिंग्स को दो दिन पहले ही लगाया गया था लेकिन आज इसे निगम ने अवैध रूप से पाया और इसको उखाड़ फेंका. दुकानदारों के अनुसार पूरे क्षेत्र में इस तरह के होर्डिंग्स लगाए जा रहे हैं और ये दुकानों के सामने लगाए जाते हैं. इससे मार्केट भी प्रभावित होता है.