आगरालीक्स…आगरा सहित प्रदेश में अग्निपथ योजना पर मचे बवाल के बाद सीएम योगी का ऐलान, ‘अग्निवीरों को मिलेगी इन सेवाओं में वरीयता’
अग्निपथ योजना के तहत सेना में चार साल की सेवा का युवाओं ने विरोध शुरू कर दिया है। आगरा में कई जिलों से पहुंचे युवाओं ने विरोध किया। आगरा में एमजी रोड पर स्टेट बैंक, छीपीटोला तिराहे पर युवा बैठ गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। इससे एमजी रोड पर जाम लग गया। कुछ ही देर में वाहनों की लंबी कतार लग गई। युवाओं के एमजी रोड जाम करने की सूचना पर पुलिस फोर्स पहुंच गया। एमजी रोड पर जाम लगाने पर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स पहुंच गया, युवाओं को जाम न लगाने की हिदायत दी गई। मगर, युवा नहीं माने। पुलिस ने युवाओं को खदेड़ने के लिए लाठी भटकारी, जाम लगा रहे युवा भाग खड़े हुए।
मथुरा और फिरोजाबाद में भी प्रदर्शन
अग्निपथ के विरोध में युवाओं ने आगरा दिल्ली हाईवे पर मथुरा में प्रदर्शन किया, हाईवे पर युवा बैठ गए। इसी तरह से शिकोहाबाद, फिरोजाबाद में भी युवाओं ने प्रदर्शन किया और अग्निपथ को वापस लेने की मांग की।
सीएम का ऐलान—मिलेगी इन सेवाओं में वरीयता
आगरा सहित प्रदेश में अग्निपथ योजना को लेकर मचे बवाल के बाद सीएम योगी ने बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि ‘अग्निपथ योजना’ युवाओं के जीवन को नए आयाम प्रदान करेगी व उनके भविष्य को स्वर्णिम आधार देगी. युवा किसी बहकावे में न आएं. मां भारती की सेवा हेतु संकल्पित ‘अग्निवीर’ राष्ट्र की अमूल्य निधि होंगे व @UPGovt अग्निवीरों को पुलिस व अन्य सेवाओं में वरीयता देगी. उन्होंने ट्वीट कर कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन में केन्द्र एवं प्रदेश सरकार युवा शक्ति के उन्नयन एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है. अग्निपथ योजना देश के युवाओं के लिए सशस्त्र बलों में सेवा के लिए एक आकर्षक भर्ती योजना है. उन्होंने आगे लिखा कि ‘अग्निवीर’ बढ़ते भारत के बढ़ती आकांक्षाओं के अनुरूप राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान दे सकेंगे. राष्ट्र सेवा की अवधि के दौरान अग्निवीरों को विभिन्न सैन्य कौशल और अनुभवों की प्राप्ति होगी व उनके अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, साहस एवं फिटनेस में भी वृद्धि होगी.