आगरालीक्स …Breaking ..भीषण गर्मी में आगरा से बाहर जा रहे हैं तो पता कर लें, एक्सप्रेस वे पर अग्निपथ के विरोध में उत्पात के बाद जाम, यमुना एक्सप्रेस वे के टोल प्लाजा पर आगरा से नोएडा जा रहे वाहन रोके।
आगरा और अलीगढ़ रीजन में अग्निपथ के विरोध में युवाओं द्वारा प्रदर्शन और पथराव किया जा रहा है। यमुना एक्सप्रेस वे पर अलीगढ़ के टप्पल और मथुरा के बाजना कट पर युवाओं ने जाम लगा दिया, वाहनों पर पथराव किया। इसे देखते हुए यमुना एक्सप्रेस वे पर सतर्कता बढ़ा दी गई है।

आगरा से नोएडा जा रहे वाहनों को खंदौली टोल प्लाजा पर रोका
यमुना एक्सप्रेस वे पर युवाओं के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। एहतियातन, यमुना एक्सप्रेस वे पर खंदौली टोल प्लाजा पर आगरा से नोएडा की तरफ जा रहे वाहनों को रोक दिया गया है। इससे यमुना एक्सप्रेस वे पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई है। गर्मी से जाम में फंसे लोगों का बुरा हाल है।
आगरा में ग्वालियर रोड पर पथराव
आगरा में युवा ग्वालियर रोड पर एकत्रित हो गए, यहां जाम लगा दिया। पुलिस ने युवाओं को खदेड़ा तो पथराव कर दिया। इससे आगरा ग्वालियर रोड पर कई वाहन और पुलिस की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद युवा रेलवे ट्रैक की तरफ जाने लगे
, पुलिस ने उन्हें रोक दिया और आगे नहीं बढ़ने दिया।
मथुरा में जनशताब्दी एक्सप्रेस को रोका
मथुरा में युवाओं ने जमकर हंगामा किया, मथुरा में जाम लगा दिया। युवा छाता रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए। रेलवे ट्रैक पर बैठकर जनशताब्दी एक्सप्रेस को रोक दिया और जमकर हंगामा किया। पुलिस ने उन्हें समझा बुझाकर शांत किया।
आगरा दिल्ली हाईवे पर युवाओं पर लाठी चार्ज
युवाओं ने आगरा दिल्ली हाईवे जाम कर दिया, वाहनों पर पथराव किया। इससे राहगीर घायल हो गए। युवाओं के उत्पात मचाने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, इसके बाद युवक हाईवे से हटे लेकिन आगरा दिल्ली हाईवे पर जगह जगह प्रदर्शन चल रहा है।