आगरालीक्स…आगरा में बारिश के बाद सड़कों की और बुरी हालत हो गई है. कहीं सड़कें खुदी पड़ी हैं तो कहीं मेनहॉल खुले हैं. कहीं गहरे गड्ढे हो गए हैं तो कहीं कीचड़ फैली है…
आगरा की सड़कों की हालत किसी से छुपी हुई नहीं हैं. कभी पाइपलाइन तो कभी गैस लाइन तो कभी बिजली लाइन या किसी अन्य काम से सड़कें खोद कर तो डाल दी जाती हैं, लेकिन उन्हें ठीक से भरा नहीं जाता है. शुक्रवार को हुई बारिश के बाद तो सड़कों की हालत और ज्यादा खराब हो गई है. मारुति एस्टेट बोदला रोड पर पिछले कई दिनों से सड़क को खोद दिया गया है लेकिन उसे अभी तक ठीक नहीं किया गया है. बारिश के कारण् इस रोड पर से गुजरना खतरे से खाली नहीं है, खासकर रात को तो ये और ज्यादा खतरनाक हो जाता है. इसी तरह दिल्ली गेट चौराहे पर ही सीवर खुला पड़ा हुआ है. यहां पुलिस ने इसके ऊपर बैरियर तो लगा दिया है लेकिन ये ठीक से कवर नहीं है.

कॉलोनियों से लेकर मुख्य मार्गों तक बुरा हाल
यही नहीं शहर की कॉलोनियां हों या फिर मुख्य मार्ग, बारिश के बाद हालत बहुत ज्यादा खस्ता हो गई है. कहीं—कहीं कीचड़ का ढेर लगा हुआ है तो कहीं सड़क पर गड्ढे और ज्यादा हो गए हैं. सड़कें ऊबड़ खाबड़ पड़ी हुई हें. कीचड़ के कारण कई रास्तों पर तो फिसलन हो गई है. नाले नालियों का कूड़ा सड़क पर बिखरा हुआ है.

नहीं बना सोसाइटी का रास्ता
आज से करीब 17 दिन पहले नगर निगम की टीम ने भावना एस्टेट रोड पर बने बनाए नाला रैम्प को अतिक्रमण अभियान के तहत ध्वस्त कर दिया. इसके कारण भावना एस्टेट रोड पर बनी गणपति रेसीडेंसी वेलफेयर सोसाइटी अपार्टमेंट्स के दोनों गेटों के सामने बने रैम्प को भी उखाड़ दिया गया. इसके कारण अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है. वह न तो गाड़ी अपार्टमेंट के अंदर कर पा रहे हैं और न ही अंदर खड़ी गाड़ियों को बाहर निकाल पा रहे हैं. 15 से ज्यादा दिन बीतने के बाद भी अभी तक इसका निर्माण ठीक से नहीं किया जा रहा है.