आगरालीक्स…आगरा में बादल छाते हैं पर बारिश नहीं होती. उमसभरी गर्मी और चिलचिलाती धूप से तापमान बढ़ा..जाने आने वाले 7 दिनों का मौसम अपडेट…बारिश होगी या नहीं
आगरा के लोग उमसभरी गर्मी से परेशान हैं. बारिश का इंतजार कर रहे हैं लेकिन बारिश नहीं हो रही. आसमान में कभी—कभी बादल छाते भी हैं, बारिश होने की संभावना भी होती है लेकिन फिर भी बारिश नहीं होती. सुबह से चिलचिलाती धूप निकल आती है और शाम होने के बाद उमसभरी गर्मी लोगों को बेचैन कर रही है. दिन में बाहर निकलने पर पूरा शरीर जरा सी देर में पसीना पसीना होने लगता है. सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूल से घर लौटने वाले बच्चों को है. पसीने में लथपथ होकर बच्चे स्कूल से घर वापस लौट रहे हैं. धूप निकलने के कारण आगरा का तापमान भी लगातार बढ़ रहा है और यह फिर से 40 डिग्री सेल्सियस के करीब तक पहुंचने लगा है.

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक यानी 29.3 डिग्री सेल्सियसा रहा. आगरा में आने वाले सात दिनों में मौसम विभाग ने बादल छाने और बारिश की संभावना जताई है. हालांकि इस दौरान तापमान में भी बढ़ोतरी होगी.