आगरालीक्स…आगरा में 18 साल से अधिक आयु के लोगों को फ्री में लगेगी कोविड वैक्सीन की प्रिकोशन डोज. 165 सेंटर्स पर कल से लगेगी डोज…
15 जुलाई से 30 सितंबर तक चलेगा कार्यक्रम
मुख्य चिकित्सा अधिकारी, आगरा डा. अरूण श्रीवास्तव द्वारा बताया गया कि अपर मुख्य सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण उत्तर प्रदेश शासन एवं मिशन निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निर्देशानुसार 15 जुलाई 2022 से प्रत्येक 18 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों को कोविड प्रिकोशन वैक्सीन डोज आच्छादित की जायेगी। ये प्रिकोशन डोज लगवाने के वे सभी लाभार्थी पात्र होंगे जिन्होंने कोविड वैक्सीन की दूसरी खुराक लगवाने के बाद 6 माह या 26 सप्ताह हो चुका है। प्रिकोशन डोज में वही वैक्सीन लगाई जाएगी जो उन्हें पहली और दूसरी खुराक लगवा चुके हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा जनपद के नगरीय और ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र के समस्त चिकित्सा अधिकारीयों को निर्देश जारी कर दिए हैं कि सभी लाभार्थी सुविधा जनक तरीके से इस कोविड वैक्सीन अभियान का लाभ उठा सकें। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपद आगरा की जनता से अपील की है कि हमारा लक्ष्य है 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों को कोविड प्रिकोशन डोज आच्छादित हो जाय इसके लिए जनता के सहयोग की आवश्यकता है कि वे अपनी बारी आने पर ही कोविड प्रिकोशन डोज लगवाने का लाभ उठायें।