आगरालीक्स… आगरा में मुस्लिम युवती ने इस्लाम छोड़ हिंदू धर्म अपनाया और पड़ोस में रहने वाले प्रेमी से की शादी, परिजनों ने दर्ज कराया मुकदमा, युवती ने सोशल मीडिया पर डाला वीडियो। कहा मैंने अपनी मर्जी से हिंदू धर्म अपनाया है और आर्य समाज मंदिर में शादी की है। मुझे और मेरे पति को परिजनों से जान का खतरा है।
आगरा के शाहगंज क्षेत्र की रहने वाली युवती के बगल में ही रहने वाले युवक से प्रेम संबंध हो गए। युवती मुस्लिम और युवक हिंदू है। 15 दिन पहले युवती अपने घर से चली गई। युवती के परिजनों ने पड़ोसी युवक पर बहला फुसलाकर ले जाने के आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया दिया।

युवती ने सोशल मीडिया पर डाला वीडियो
उधर, घर से जाने के बाद युवती ने युवक के साथ प्रयागराज में कोर्ट मैरिज कर ली और आर्य समाज मंदिर में रीति रिवाज से शादी की। युवती ने सोशल मीडिया पर शादी के वीडियो डाले हैं। एक और वीडियो डाला है जिसमें अपने परिजनों से ही जान का खतरा बताया है और पुलिस सुरक्षा की मांग की है।
कोर्ट में दर्ज कराए जाएंगे बयान
युवक और युवती अखिल भारत हिंदू महासभा के संपर्क में हैं। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि युवक युवती के कोर्ट में बयान दर्ज किए जाने हैं, इसके लिए सुरक्षा मांगी गई है। इंस्पेक्टर जसवीर सिंह सिरोही का मीडिया से कहना है कि युवक युवती जो भी कोर्ट में बयान देंगे उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा के लिए पुलिस से संपर्क नहीं किया है।