आगरालीक्स…आगरा में टोल तोड़कर गुजरी थीं खनन की ट्रॉलियां. अब एक्शन में वाणिज्य कर विभाग. छापा मारा, 24 मुकदमे किए दर्ज, ट्रॉलियां भी की जब्त…भागने लगे व्यापारी और चालक…
हाल ही में आगरा में एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें टोल को तोड़ते हुए खनन की ट्रॉलियां बेखौफ होकर निकलती हुई दिख रही थीं. इस वीडियो के वायरल होने के बाद से अवैध खनन को लेकर वाणिज्य कर विभाग अब एक्शन में आ गया है. बुधवार को विभाग की टीमों ने कई जगह छापामार कार्रवाई की. सैंया रोड और रोहता पर टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और व्यापार में लगे लोगों की करदेयता जांच की. पुलिस ने कई ट्रॉलियों को जब्त भी किया और करीब 24 मुकदमे दर्ज किए हैं. इनमें 8 नामजद हैं तो 16 अज्ञात.

बुधवार को अधिकारियों को सूचना मिली कि ग्वालियर रोड से अवैध रूप से गिट्टी, बालू, रेत का परिवाहन किया जा रहा है. इस पर टीम ने रोहता में पहुंचकर सैंया रोड से आने वाली ट्रैक्टर ट्रॉलियां व अन्य वाहनां से डंप किए जाने वाले माल का स्थलीय निरीक्षण किया. टीम को यहां पर सड़क किनारे कई व्यापारी गिट्टी व बालू के ढेर लगाकर उसकी बिक्री कर रहे थे. टीम को देखते ही सभी व्यापारी वहां से भाग खड़े हुए.
थाना सदर पुलिस ने 24 के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए हैं और ट्रॉलियां भी जब्त की हैं. नामजद व्यापारियों की कर योग्य सीमा का आंकलन किया जा रहा है.