आगरालीक्स… आगरा में महिलाओं को स्तन कैंसर से बचाने की मुहिम.
आईएमए द्वारा “स्तन कैंसर जागरूकता माह” मनाया जा रहा है। शांति मधुवन प्लाजा दिल्लीगेट स्थित “अनुराम हेल्थकेयर _ द गायनी एंड फर्टिलिटी क्लीनिक” पर स्तन कैंसर पर महिलाओं को जागरूक करने हेतु कैंप व कार्यशाला का आयोजन किया गया ।
इस कार्यक्रम का आयोजन द गायनी एंड फर्टिलिटी क्लीनिक की संचालिका एवं आगरा की प्रख्यात स्त्रीरोग व आई वी एफ विशेषज्ञ डा. महिमा उपाध्याय द्वारा किया गया जिसमें वरिष्ठ कैंसर सर्जन डा. वरुण अग्रवाल एवं जिला अस्पताल के कैंसर रोग विशेषज्ञ डा. भूपेंद्र सिंह चाहर भी मौजूद रहे।

कैंप में 100 से अधिक महिलाओं को स्तन कैंसर के लक्षण, बचाव एवं इलाज के बारे में जानकारी दी गई। स्त्रीरोग विशेषज्ञ डा. महिमा उपाध्याय ने बताया कि महिलाएं स्वयं अपने स्तनों की जांच कर सकती हैं तथा उनमें गांठ अथवा आकार में अंतर महसूस होने पर तुरंत स्त्रीरोग विशेषज्ञ से परामर्श करना चाहिए।
डा. वरुण अग्रवाल ने बताया कि एडवांस स्टेज में भी सर्जरी, कीमोथेरेपी एवं रेडियोथेरेपी के द्वारा स्तन कैंसर को ठीक किया जा सकता है। इस अवसर पर डा. पवन गुप्ता, डा भूपेंद्र चाहर भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान स्तन कैंसर से पूरी तरह ठीक हो चुकी मरीजों का सम्मान भी किया गया । डा. महिमा उपाध्याय ने बताया कि ठीक हो चुके मरीज स्तन कैंसर से पीड़ित रोगी के लिए प्रेरणा स्रोत हैं और इनकी हिम्मत की सराहना की जानी चाहिए।
आइएमए सचिव डा पंकज नगायच ने बताया की पूरे अक्टूबर माह कई स्थानों पर परामर्श,जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है जिसमें युवा चिकित्सकों की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय है।
अध्यक्ष डा ओ पी यादव ने बताया की ये आईएमए का राष्ट्रीय कार्यक्रम है एवम सभी प्रदेशों में कुशलता पूर्वक ये कार्यक्रम चल रहा है।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे डा. निखिल शर्मा ने बताया कि “अनुराम हेल्थकेयर” की ओर से डा. महिमा उपाध्याय द्वारा प्रत्येक माह गरीब महिलाओं के स्वास्थ्य की निशुल्क जांच कर उन्हें उचित परामर्श दिया जाता है। उन्होंने कैंप/ कार्यशाला के सफल आयोजन हेतु सभी का आभार व्यक्त किया।