आगरालीक्स…. आगरा की पॉश कॉलोनी में दीपावली की खरीदारी के लिए गए डॉक्टर की कोठी से लाखों की चोरी, 15 पर्स के साथ ही ज्वैलरी और सीसीटीवी की डीवीआर ले गए चोर। पुलिस जांच में जुटी।

आगरा में रविवार शाम साढ़े छह बजे प्रोफेसर कॉलोनी कमला नगर निवासी यूरोलॉजिस्ट डॉ. केके अग्रवाल पत्नी अंजू के साथ दीपावली की खरीदारी करने गए थे। उन्होंने कोठी के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया था, कोठी में एक और गेट है, इसकी अंदर से कुंडी बंद कर दी थी। शॉपिंग करने के बाद रात 9 बजे लौटे। मुख्य गेट का ताला लगा हुआ था, अंदर गए तो अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। डॉ. केके अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि अलग अलग पर्स में पैसे रखे हुए थे, चोर 15 पर्स चोरी कर ले गए। इसके साथ ही घर पर रखी ज्वैलरी को भी चोर ले गए।
दूसरे गेट से घुसे, डीवीआर भी ले गए
चोर कोठी के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर नहीं घुसे, दूसरे गेट की कुंडी को तोड़ा और घर में घुस गए। चोरों के चेहरे पता न चल सकें, इसके लिए सीसीटीवी की डीवीआर भी ले गए, सामने के घर में लगे सीसीटीवी को नीचे की तरफ झुका दिया, जिससे कोई सुराग न मिल सके, पुलिस जांच में जुटी हुई है।