आगरालीक्स…आगरा जाम से जूझ रहा है. चौराहों, बाजारों और मुख्य मार्गों पर जाम ही जाम है. ट्रैफिक पुलिस ने आज से यातायात माह शुरू किया है. नियमों का पालन करें नहीं तो कट जाएगा चालान
आगरा में आज इस समय कहीं भी चले जाएं. पुराने शहर में जाना हो या फिर शहर के मुख्य मार्गों, चौराहों पर जाना हो या फिर हाइवे…हर ओर आपको जाम की स्थिति मिल जाएगी. बाजारों में तो निकलने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. पुराने शहर की तो बात ही अलग है. यहां जाम लगने का सबसे बड़ा कारण है दुकानों के बाहर आधी सड़क को घेरकर खड़ी हुई गाड़ियां हैं, दोनों तरफ से आती बाइकें भी ठीक से नहीं निकल पा रही हैं. इसके अलावा न्यू आगरा, शाहगंज, बिजलीघर, कमला नगर, रामबाग, टेढ़ी बगिया, मधुनगर आदि ऐसे चौराहे हैं या ऐसे मार्ग हैं, जहां आपको हर समय जाम की स्थिति मिल जाएगी.

खैर, जाम तो लगता ही रहता है लेकिन आज से आगरा की ट्रैफिक पुलिस ने यातयात माह की शुरुआत कर दी है. नवंबर माह के पहले दिन से ही इस अभियान की शुरुआत की गई है. इस अभियान की शुरुआत में ट्रैफिक पुलिस द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरणों की प्रदर्शनी लगाई गई है. एक माह तक विभिन्न तरीकों से लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जाएगा. एडीजी जोन आगरा राजीव कृष्ण द्वारा पुलिस लाइन आगरा में यातायात माह के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का फीता काटकर शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम के दौरान एडीजी राजीव कृष्ण और एसएसपी प्रभाकर श्रीवास्तव द्वारा यातायात पुलिस के कर्मचारियों का सम्मान किया गया और उन्हें यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए निर्देश दिए गए. यातायात माह के दौरान चैकिंग भी तेज की जाएगी. अगर आप नियमों का पालन नहीं करते हुए पाए गए तो आपका चालान भी काटा जाएगा.