आगरालीक्स…आगरा में 16800 रुपये के लिए सैलून संचालक को बुरी तरह पीटा. रोते हुए वीडियो जारी कर लगाए ये गंभीर आरोप…
आगरा में 16800 रुपये के लिए एक सैलून संचालक को बुरी तरह से पीटा गया है. सैलून संचालक ने रोते हुए एक वीडियो जारी किया है जिसमें उसने पीएसी के एक अधिकारी, चार सिपाहियों और ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. वीडियो में सैलून संचालक की पत्नी और दो बच्चे भी साथ में हैं. उसने आरोप लगाया कि अधिकारी के कहने पर सिपाहियों ने उसे बुरी तरह से पीटा है. उसने मुख्यमंत्री से मामले की जांच के साथ न्याय की गुहार लगाई हे. उसने कहा है कि अगर उसे न्याय नहीं मिला तो वह आत्महत्या कर लेगा.
ये है पूरा मामला
मामला थाना ताजगंज क्षेत्र का है. यहां पुरानी मंडी में पवन कुमार रहता है जो कि हेयन सैलून चलाता है. उसकी श्यामलाल मार्ग पर गंगा मंदिर के पास दुकान है. वीडियो में पवन ने बताया कि वह 15वीं वाहिनी पीएसी बटालियन में कॉन्ट्रैक्ट पर काम करता था. उसे वहां शेविंग और कटिंग का काम करना होता था. उसने आरोप लगाया कि ठेकेदार तीन—तीन महीने तक उसका मानदेय रोक लेता था जिसके कारण उसने कुछ महीने ही काम करने के बाद वहां से काम छोड़ दिया.

उसने बताया कि नौकरी छोड़ने के दो महीने बाद उसके खाते में 16800 रुपये आ गए. उसका आरोप है कि शनिवार दोपहर को खाकी वर्दी में चार सिपाही दुकान पर आए और थाने चलने की बात कही. वह पुलिस समझ कर उनके साथ चला गया लेकिन सिपाही उसे थाने की बजाय पीएसी क्वार्टर लेकर गए. तब उसे पता चला कि सिपाही उसे यहां पर एक अधिकारी के कहने पर लाए हैं. उसका आरोप है कि अधिकारी के कहने पर पीएसी के सिपाहियों ने उसे बुरी तरह पीटा, जिससे उसे काफी चोटें आई हैं. पिटाई का कारण पूछा तो उउसे बताया कि उसके खाते में ठेकेदार की गलती से 16800 रुपये आ गए हैं, यह रकम वापस मांगी. पिटाई के डर से पवन ने उन्हें 16800 रुपये दे दिया लेकिन जब उसने ठैकेदार से लिखित में यही बात लेने को कहा तो उसे और पीटा गया. रविवार को पवन ने वीडियो जारी कर अपनी पूरी आपबीती बताई.