आगरालीक्स… आगरा में ऊंटनी के दूध की डिमांड, अमूल का ऊंटनी का दूध चल रहा शॉर्ट, क्यों बच्चों से लेकर युवतियां और मरीज पी रहे कैमिल मिल्क, क्या है रेट।

आगरा में अब कैमल मिल्क यानि ऊंटनी के दूध की डिमांड है। बताया जा रहा है कि यह गाय-भैंस के दूध से कई गुना महंगा है और अमूल की पाईटी बोतल बाजार में 25 रूपये में उपलब्ध है। इस तरह एक लीटर कैमिल्क मिल्क 125 का है।
पिछले दिनों सेलिब्रिटीज के हाथों में नजर आने के बाद देशभर के साथ ही आगरा में ब्लैक वाटर की डिमांड बढ़ी थी। अब ऐसा ही कुछ कैमल मिल्क के साथ हो रहा है। कैमल मिल्क की अमेरिका सहित कई देशों में काफी मांग है। सउदी अरब में भी ऊंटनी का दूध काफी लोकप्रिय है। संयुक्त अरब अमीरात में उंटनी का दूध पीने वाले कम नहीं हैं, लेकिन अब भारत में भी यह लोगों की पसंद बन रहा है।
इसलिए आगरा में बढ़ रही कैमिल मिल्क की मांग
आगरा कीं युवा डायटीशियन कीर्ति पांडे ने बताया कि अब तक कैमल मिल्क से किसी तरह के नुकसान का कोई मामला सामने नहीं आया है, जबकि ऐसा दावा जरूर है कि मधुमेह, लिवर और जोड़ों के दर्द की समस्याओं से पीड़ित लोगों को इससे फायदा जरूर पहुंचा है। कीर्ति ने बताया कि कैमल मिल्क में पौष्टिक तत्वों के साथ-साथ इंसुलिन की भरपूर मात्रा होती है, जिससे शरीर में शुगर की मात्रा नहीं बढ़ती। रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में कारगर है। वरिष्ठ गैस्ट्रोएंट्रोलाॅजिस्ट डाॅ. दिनेश गर्ग ने बताया कि अभी इस पर बहुत ज्यादा अध्ययन नहीं हैं। बहुत अधिक संख्या में लोग हमारे पास नहीं आते जो हम ये कह सकें कि यह फायदा कर रहा है या नुकसान।
ऐसा माना जाता है कि ऊंटनी का दूध तुरंत पच जाता है। इसमें दुग्ध शर्करा, प्रोटीन, कैल्शियम, कार्बोहाइड्रेड, शुगर, फाइबर, लैक्टिन अम्ल, आयरन, मैग्निशियम, विटामिन ए, विटामिन ई, विटामिन बी 2, विटामिन सी, सोडियम, फाॅस्फोरस, पोटेशियम, जिंक, काॅपर, मैग्नीज जैसे बहुत सारे तत्व पाए जाते हैं। कहते हैं कि गाय के दूध में कैल्शियम होता है लेकिन इससे भी ज्यादा कैल्शियम उंटनी के दूध में होता है।
2032 तक 2.02 अरब का होगा कैमिल मिल्क का बाजार
कैमिल्क मिल्क की मांग दुनिया भर में बढ़ रही है। सबसे ज्यादा मांग उत्तर अमेरिका में है, यहां 15.3 प्रतिशत कैमिल मिल्क की खपत है। अभी 1.34 अरब कैमिल मिल्क का मार्केट है, यह 2032 में बढ़कर 2.02 अरब होने की उम्मीद है।