आगरालीक्स… जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर में शहीद हुए लांसनायक हेमराज सिंह की विधवा पत्नी धर्मवती को ठगने वाले व्यक्ति को अदालत ने छह साल की कड़ी कैद तथा डेढ़ लाख के जुर्माने की सजा सुनाई है।
कोसीकलां थाना क्षेत्र के गांव शेरनगर-खिरार निवासी शहीद की पत्नी धर्मवती ने बताया कि उनके शहीद होने के दो माह बाद थाना राया के ग्राम ब्योंही निवासी हरेन्द्र सिंह उनके घर पहुंचा। फौजी वर्दी पहने हरेंद्र ने इस बात के लिए उसे राजी कर लिया कि तुरंत ही अपने खाते में जमा सेना से मिले धन को किसी दूसरे बैंक में बच्चों के नाम से जमा कर दें।
उसने यह विश्वास दिलाया कि अगर यह पैसा उन लोगों के नाम रहेगा तो सरकार उनसे अतिरिक्त आयकर वसूलेगी। लेकिन यदि वे चाहें तो थोड़ी सी मेहनत कर उक्त राशि बचा भी सकते हैं।
इसके लिए वह उन्हें छाता कस्बे की स्टेट बैंक शाखा में ले गया और वहां से दस लाख एपए निकलवा कर कोसीकलां की बैंक में बच्चों के नाम से खाते खुलवाने का बहाना कर भाग गया।
पुलिस ने उसे 20 जून 2013 को बैंक के सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से पहचान कर दबोच लिया। पुलिस ने बाद में इस मामले में उसके खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया। पुलिस ने उससे तीन लाख एपए, कार, मोटर साइकिल और सेना की वर्दी आदि बरामद की थी।
अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (प्रथम) राधेमोहन श्रीवास्तव ने सोमवार को आरोपी हरेंद्र को दोषी करार देते हुए छह साल कैद और डेढ़ लाख जुर्माने की सजा सुनाई। जुर्माना जमा नहीं करने पर उसे एक वर्ष का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
Leave a comment