आगरालीक्स…स्कूल में छात्रा चोटी करके नहीं आई तो तो शिक्षिका ने काट डाले बाल.
आगरा रीजन के मथुरा जिले में छात्रा के बाल काटने का मामला सामने आया है. वह स्कूल में चोटी करके नहीं आई थी तो नाराज शिक्षिका ने उसके बाल काट दिए. परिजनों के हंगामा करने के बाद आरोपी शिक्षिका को निलंबित कर दिया गया है.
ये है मामला
मामला राया के राष्टीय इंटर कॉलेज का है. नगला गंगा की रहने वाली कक्षा नौ की एक छात्रा गुरुवार को चोटी करके नहीं आई थी. हिंदी की शिक्षिका नीलम पटेल छात्राओं की ड्रेस और चोटी करके आने को लेकर चेक कर रही थी. जब उन्होंने पीड़ित छात्रा के बाल खुले देखे तो इससे शिक्षिका नाराज हो गई और उसके बाल काट दिए. छात्रा रोते हुए अपने घर पहुंची और परिजनों को जानकारी दी. आक्रोशित परिजनों ने शिक्षिका के खिलाफ हंगामा किया. यह देख वहां पर भीड़ लग गई.

वहां पहुंचे कॉलेज के प्रबंधक अरविंद शर्मा आ गए और उन्होंने आरोपी शिक्षिका को निलंबित करने के आदेश दे दिए. शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई होने के बाद छात्रा के परिजन संतुष्ट हुए. प्रधानाचार्य का कहना है कि स्टूडेंट्स को कई दिन से स्कूल में अनुशासन के साथ आने के लिए कहा जा रहा था. छात्राओं से भी चोटी करके ही स्कूल आने को कहा गया था लेकिन इसके बाद भी छात्रा खुले बालों से स्कूल आई थी. इस मामले में पुलिस ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है.