आगरालीक्स…आगरा में 60 हजार रुपये की कीमत के विदेशी तोते ने खुद बताया कि उसके मम्मी—पापा कौन?…पढ़ें ये दिलचस्प मामला
आगरा में अजब गजब मामला सामने आया है. लूट, चोरी, लड़ाई और झगड़ा जैसे मामले सुलझाने वाली पुलिस के पास एक विदेशी तोते के कौन असली मालिक का मामला पहुंचा. तीन घंटे तक दो पक्ष अपने आप को तोते का मालिक बताते रहे लेकिन इसके बाद जो हुआ वह काफी खुश करने वाला और अचंभित करने वाला भी कह सकते हैं. विदेशी तोते ने खुद बताया कि कौन उसके मालिक हैं. इस विदेशी तोते ने पुलिसकर्मियों के सामने ही अपने असली मालिक की पहचान मम्मी—पापा बोलकर कराई. पुलिस ने भी तोता उन्हीं को सौंप दिया..

मामला कमला नगर थाना क्षेत्र का है. यहां दो पक्ष एक विदेशी तोते को लेकर आपस में भिड़ते हुए यहां पहुंचे और खुद तोते पर मालिकाना हक जताने लगे. बल्केश्वर के रहने वाले मुनेंद्र ने 15 दिसंबर को कमला नगर थाने में लिखित शिकायत दी और आरोप लगाया कि उसने तीन साल पहले अपने पालतू विदेशी तोते को कॉलोनी के ही रहने वाले अजय वर्मा को दिया था. मुनेंद्र के अनुसार अजय के परिवार में कार्यक्रम था जिसके चलते उन्होंने अपना तोता उक्त परिवार को दे दिया. अब उसे अपना तोता वापस चालिए लेकिन अजय वर्मा का परिवार उसे दे नहीं रहा है.
इस पर पुलिस ने अजय वर्मा पक्ष को थाने बुला लिया. अजय वर्मा अपने परिवार के साथ तोते को लेकर थाने पहुंच गए. अजय वर्मा का कहना था कि उनका परिवार तीन साल से तोते को पाल रहा है और घरवालों को उससे गहरा लगाव हो गया है. उनका परिवार इस तोते के बिना नहीं रह सकता. वहीं मुनेंद्र का कहना था कि वह तोते का असली मालिक है. असमंजस में आई पुलिस के सामने यह मामला सुलझाना टेढ़ी खीर साबित हो रहा था लेकिन उसके बाद वो हुआ जिसकी कल्पना कोई नहीं कर रहा था. बहस के दौरान अजय ने बताया कि तोता उन्हें पापा और उनकी पत्नी को मां कहता है. इस पर पुलिस ने तोते को पिंजरे से बाहर निकाला और मेज पर छोड़ दिया. दोनों पक्ष आमने सामने खड़े थे. तोता मेज पर चलता हुआ अजय वर्मा और उनके परिवार की ओर चला गया. अजय वर्मा और उनकी पत्नी ने पुचकारा तो तोता अपनी भाषा में पापा—मम्मी बोलने लगा. इसके बाद पुलिस ने अजय वर्मा के परिवार को सौंप दिया.
60 हजार रुपये का तोता
इस विदेशी तोते की कीमत 60 हजार रुपये बताई गई है. जो इस विवाद की असली जड़ थी.