नईदिल्लीलीक्स…चीन में कोरोना की एक बार फिर बढ़ती रफ्तार ने दुनिया को डरा दिया है। अस्पताल फुल, दवाएं नहीं। श्मशान पर भी लंबी वेटिंग।
चीन में विरोध के बाद प्रतिबंध हटाए गए थे
चीन में कोरोना प्रतिबंधों में ढील दिए जाने के बाद कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। चीन में कोरोना को लेकर लगातार प्रतिबंध चल रहे थे, जिसका चीनी नागरिकों ने जोरदार विरोध किया तो चीन ने प्रतिबंधों को हटा लिया।
प्रतिबंध हटने के बाद हालात हुए बेकाबू
प्रतिबंधों के हटते ही कोरोना बेकाबू हो गया है। हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं, जिससे चिंता बढ़ गई है। विशेषज्ञों ने पहली लहर चलने की बात कहने के साथ तीन लहर आने की चेतावनी दी है।
पहली लहर जारी, दो और आएंगी
चीन में महामारी विशेषज्ञ ज़ुन्यो ने कहा है कि संक्रमण में हो रही ताज़ा बढ़ोतरी जनवरी के मध्य तक चलेगी। दूसरी लहर 21 जनवरी से शुरू होने वाले सप्ताह भर के चीनी नववर्ष समारोह के आसपास शुरू हो सकती है। तीसरी लहर फरवरी के अंत या मार्च के मध्य तक आने की आशंका है। इस बीच सभी स्कूलों को 17 जनवरी तक बंद कर दिया गया है।