आगरालीक्स…आगरा में करवाचौथ पर मेहंदी के रंग से सजे महिलाओं के हाथ. दयालबाग और कमला नगर में हुआ ‘सौभाग्य रचना’ मेहंदी उत्सव
करवा चौथ के पावन पर्व पर कुटुम्ब संस्था, आगरा की ओर से ‘सौभाग्य रचना – करवा चौथ मेहंदी उत्सव’ का आयोजन दयालबाग स्थित हरि ओम सेवा सदन तथा कमला नगर के जनक पार्क स्थित हैप्पी स्प्राउट्स में किया गया। दोनों शिविरों में 121 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पारंपरिक मेहंदी लगवाकर पर्व की खुशियाँ साझा कीं। संस्था की संयोजिका पूजा सिंघल ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सहज वातावरण उपलब्ध कराना था, जहाँ वे महिला मेहंदी कलाकारों के हाथों मेहंदी लगवा सकें।
मुख्य अतिथि श्रुति दास के कहा कि यह पहल महिलाओं की गरिमा, आपसी सहयोग और महिला सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करने के साथ भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को सहेजने का प्रयास है। कमला नगर स्थित शिविर की व्यवस्था एवं संचालन श्रीमती हर्षिता जैसवाल के मार्गदर्शन में हुआ। उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजन महिलाओं को एक सकारात्मक मंच प्रदान करते हैं तथा समाज में आत्मनिर्भरता, सम्मान और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। शिविर में वंशिका, प्रीति, किरण, मेघा, वीरावती और ऋचा सहित अन्य मेहंदी कलाकारों ने महिलाओं के हाथों पर आकर्षक डिज़ाइन बनाए। पारंपरिक सजावट और उत्सवी माहौल ने आयोजन को विशेष बना दिया।
संस्था के संयोजक विदित सिंघल ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय त्योहारों, रीति-रिवाजों और उनके सांस्कृतिक महत्व से जोड़ने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम ‘एक परिवार – एक समाज’ की भावना को सुदृढ़ करते हुए सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में मणि पचौरी, ज्योतिषा मित्तल और शालिनी सहित अनेक महिलाओं ने सहभागिता की और कुटुम्ब संस्था की इस पहल की सराहना की।