आगरालीक्स…आगरा में भी कोरोना को लेकर सतर्कता बढ़ी. विदेशी पर्यटकों की स्क्रीनिंग हुई शुरू. इन देशों के पर्यटकों पर विशेष नजर
चीन में तबाही मचा रहे कोरोना के नये वैरिएंट के केस भारत में भी मिलने पर देश में इसको लेकर अलर्ट जारी किया जा चुका है. आगरा एक पर्यटन स्थल है और इस समय पर्यटन सीजन चलने के कारण देश विदेश से हजारों पर्यटक ताजमहल का दीदार करने के लिए यहां आ रहे हैं. ऐसे में आगरा का स्वास्थ्य विभाग भी कोरोना को लेकर एक्टिव हो गया है. ताजनगरी आने वाले सभी विदेशी पर्यटकों की स्क्रीनिंग शुरू कर दी गई है तो वहीं रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और होटलों में भी सतर्कता बरती जाएगी.

सीएमओ अरुण कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम को कड़े निर्देश दिए गए हैं. रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंड और ताजमहल सहित सभी प्रमुख स्मारकों पर स्क्रीनिंग शुरू कर दी गई है. ताजमहल देखने आने वाले विदेशी पर्यटकों पर खासी नजर रखी जा रही है. खासकर चीन, जापान, ब्राजील और अमेरिका से आने वाले पर्यटकों के साथ इन देशों से लौटने वाले लोगों पर भी विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं. इसके साथ ही होटलों में ठहरे विदेशी पर्यटकों के बारे में भी स्वास्थ्य विभाग जानकारी ले रहा है. ताजमहल के पूर्वी और पश्चिमी गेट पर जांच के लिए टीमें लगा दी गई हैं और टीमों ने सैंपल लेना भी शुरू कर दिया है.