आगरालीक्स…कोहरे में वाहन चला रहे हैं तो इन 10 बातों का रखें ध्यान. आगरा पुलिस ने दुर्घटना से बचने के लिए की लोगों से ये अपील
सर्दियों में सड़क यात्रा करने में कोहरा एक बड़ी समस्या बन रहा है. कोहरे में दृश्यता कुूछ ही मीटर रह जाती है और अक्सर इसके कारण सड़क दुर्घटनाएं भी हो जाती हैं. आगरा पुलिस कमिश्नरेट का कहना है कि कुछ सावधानियां बरतकर दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है.

- यथा संभव कोहरे में यात्रा न करें. समय अवश्य बहुमूल्य है परंतु जीवन अनमोल है.
- कोहरे में चलने की विवशता होने पर अपने वाहन को अत्यन्त धीमी गति से चलाएं और सतर्क रहें
- अपनी खिड़की के शीशे थोड़ा खुला रखें, तापमान को एसी और हीटर के बीच सैटिंग पर रखें. उसकी हवा विंडस्क्रीन की ओर कर दें इससे विंडसक्रीन पर भाप नहीं जमेगी. फ्रंट डिमिस्टर और रियड डिफॉगर का प्रयोग करें.
- अपने वाहन के फॉग लैम्प और हेडलैम्प को आन कर दें और हेडलाइट को लो बीम पर रखें.
- अपने वाहन की हैजर्ड लाइट्स को आन कर दें और पार्किंग लाइट्स भी जला लें.
- स्टीरिया या एफएम को बंद कर दें.
- यथासंभव धीमी गति से एक दूसरे के पीछे चलें तथा अपने वाहन के आगे एवं पीछे चल रहे वाहनेां से एक निश्चित दूरी बनाए रखें. आवश्यकता पड़ने पर ब्रेक धीरे लगाएं.
- एक ही लेन पर चलें और ओवरटेक न करें.
- सड़क के बीच में खड़े खराब वाहनों व सड़क किनारे पार्क किए गए वाहनों से सावधान रहें तथा अपनी खराब हो गई गाड़ी को रोड से हटाकर रोड से दूर सुरक्षित स्थान पर खड़ी करें. रोड या रोड के किनारे बिल्कुल भी वाहन को खड़ा न करें.
- कोहरे के कारण अक्सर दृष्टिभ्रम हो जाता है. टू लेन की सड़क पर वाहन की गति कम रखते हुए सड़क के बायें किनारे के सहारे चलें. सड़क के बीच में कदापि न चलें. शहरी क्षेत्र जहां डिवाईर हों, वहां डिवाइडर के सहारें चलें. एक्सप्रेस वे पर अपनी निर्धारित लेन में ही चलें.