आगरालीक्स…नये साल पर माता वैष्णोदेवी में बिना मास्क पहने किसी भी श्रद्धालु को नहीं मिलेगी दर्शन की अनुमति. सुरक्षा भी कड़ी, पिछले साल 13 श्रद्धालुओं की हुई थी मौत
नये साल पर अगर आप माता वैष्णो देवी के दर्शन को जा रहे हैं तो कोविड के नियमों के तहत सबसे पहले मास्क को साथ लेकर जाएं, क्योंकि अगर आपने मास्क नहीं पहना होगा तो आपको दर्शनों की अनुमति नहीं मिलेगी. कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड अलर्ट हो गया है. इसके तहत सभी भक्तों को दर्शन के दौरान एसओपी का पालन करना होगा. इसके अलावा अटका आरती में भी सभी हितधारकों को मास्क पहनकर बैठना होगा.

इसके अलावा यात्रियों के लिए रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन यानी आरएफआईडी कार्ड अनिवार्य किया गया है. इसके बना भी किसी को दर्शन की अनुमति नहीं होगी. सूचना केंद्रों के माध्यम से भक्तों को इसके लिए बताया जा रहा है कि वे आधार शिविर कटड़ा में पंजीकरण कक्ष से आरएफआरडी रजिस्ट्रेशन के बाद ही यात्रा शुरू करें. इसके बिना उन्हें रास्ते में ही रोक दिया जाएगा. यात्रा पूरी करने के बाद यह कार्ड को वापस भी किया जाएगा. कार्ड वापस न होने पर सौ रुपये का जुर्माना किया जाएगा.
सुरक्षा भी कड़ी, पिछले साल हुई थी बड़ी घटना
बता दें कि नये साल पर बहुत से लोग माता के दर्शन के लिए यहां आते हैं. पिछले साल 31 दिसंबर की रात को जबर्दस्त भीड़ रही थी और इस दौरान भगदड़ मच गई थी जिसमें 13 श्रद्धालुओं की मौत भी हुई थी. इस बार ऐसा कुछ न हो इसके लिए सुरक्षा कड़ी की गई है.