आगरालीक्स…आगरा में मार्केट से म्युनिसिपल बॉन्ड के जरिये 100 करोड़ रुपये एकत्रित करेगा नगर निगम. प्रस्ताव पास
आज बुधवार को आगरा नगर निगम के कार्यकारिणी कक्ष में महापौर नवीन जैन की अध्यक्षता में 25वें अधिवेशन की बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत में कार्यकारिणी समिति के 22वें, 23वें और 24वें अधिवेशन की बैठकों के कार्यवृत्त की पुष्टि की गई। इसके बाद नगर निगम और पार्षदों द्वारा रखे गए प्रस्तावों पर विस्तृत रूप से चर्चा की गई।
म्युनिसिपल बांड का प्रस्ताव पास
बैठक में महापौर नवीन जैन की अध्यक्षता में नगर निगम की ओर से रखे गए म्युनिसिपल बॉन्ड से जुड़े प्रस्ताव को पारित किया गया। इस बांड के जरिए आगरा नगर निगम अपने वित्तीय संसाधनों को बढ़ाएगा। म्युनिसिपल बांड से नगर निगम मार्केट से लगभग 100 करोड रुपए एकत्रित करेगा।
दरअसल शासन स्तर से स्थानीय नगर निकायों के अवस्थापना सुविधाओं के सुधार एवं वित्तीय संसाधन को बढ़ाने के उद्देश्य से म्युनिसिपल बांड निर्गत किये जाने के आदेश जारी हुए थे। इस बांड को प्रभावी रूप से निर्गत किए जाने को लेकर नगर आयुक्त की अध्यक्षता में एक कमेटी का भी गठन किया जाना था जिसे पूरा किया गया। प्रस्ताव के मुताबिक नगर आयुक्त की अध्यक्षता में बांड कमेटी गठित की गई है, उस कमेटी में नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त, महाप्रबंधक जलकल प्रभारी संपत्ति, मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी, मुख्य अभियंता निर्माण और मुख्य कर निर्धारण अधिकारी शामिल हैं।

पार्षदों द्वारा रखे गए प्रस्ताव
पार्षद सुषमा जैन और पार्षद कर्मवीर सिंह ने कड़ाके की सर्दी में नगर निगम द्वारा संचालित शेल्टर होम और रेन बसेरों की सुविधा को दुरुस्त कराए, वहां हीटर, रजाई, गद्दे की पर्याप्त व्यवस्था किये जाने, साथ ही शहर के प्रमुख चौराहों पर गैस हीटर रखे जाने से संबंधित प्रस्ताव रखा।
इस प्रस्ताव को लेकर महापौर द्वारा पूछे जाने पर नगरायुक्त निखिल टीकाराम ने बताया कि नगर निगम द्वारा कुल 12 स्थाई और 1 अस्थाई शेल्टर होम संचालित किया जा रहा है जिसमें लगभग 324 लोगों की ठहरने की व्यवस्था है। शीतलहर और सर्दी की व्यवस्था को देखते हुए पहले से ही सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर दिया गया है और जल्द ही शहर के प्रमुख चौराहों पर गैस हीटर लगाए जाने की व्यवस्था की जा रही है।
पार्षद बच्चू सिंह ने आगरा नगर निगम द्वारा संचालित गौशालाओं में सर्दी से गायों और नंदियों को बचाने के लिए छांव तिरपाल और चारे की समुचित व्यवस्था से संबंधित प्रस्ताव रखा गया।
ठंड से जुड़े प्रस्तावों को गंभीरता से लेते हुए महापौर नवीन जैन ने जहां शहर की सभी शेल्टर होम में समुचित व्यवस्था करने के साथ-साथ शहर के 75 स्थानों पर अलाव/गैस हीटर जलाने के निर्देश दिए तो वहीं पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी पशुओं को ठंड से बचाकर रखा जाए और ध्यान रहे कि ठंड से किसी भी पशु की मौत न हो।
पार्षद प्रदीप अग्रवाल द्वारा लाइट की बिगड़ती व्यवस्था से संबंधित प्रस्ताव लाया गया। जैसे ही खराब लाइट की समस्या बैठक में रखी गई वैसे ही कार्यकारिणी में मौजूद सभी पार्षद अपने अपने क्षेत्र में व्याप्त लाइट की समस्या को उठाने लगे। पार्षदों ने कहा कि खराब लाइटें सही न होने के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। कई कॉलोनियों अंधेरे में डूबी हुई है। प्रमुख कॉलोनियों और बाजारों में लाइटें बंद पड़ी है।
बैठक में दोनों अपर नगर आयुक्त सुरेंद्र प्रसाद यादव और विनोद कुमार गुप्ता, जलकल जीएम कुलदीप सिंह, मुख्य अभियंता निर्माण बी एल गुप्ता, उप नगर आयुक्त विकास सेन, सीएफओ उदयवीर सिंह, पर्यावरण अभियंता पंकज भूषण, सहायक नगर आयुक्त डॉ अश्वनी कुमार, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी रोहन सिंह, पशु चिकित्सा अधिकारी अजय यादव, अधिशासी अभियंता आर के सिंह और पार्षदों में मुकुल गर्ग, लक्ष्मी शर्मा, राजिया बेगम, महेश सवेदी, मोहन शर्मा, रवि शर्मा भी मौजूद रहे।