आगरालीक्स… आगरा में चार घंटे में चार लूट से दहशत फैल गई है। इसमें से तीन लूट अपाचे सवार बदमाशों ने की, तीन वारदात में 16.5 लाख रुपये लूट कर बदमाश फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने शहर में जगह जगह चेकिंग कराई, बदमाशों को पकडने के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
सोमवार को दीवानी के पीछे बैंक हाउस कॉलोनी में राइटर सेफ गार्ड कंपनी के कर्मचारियों से लूट हुई। दोपहर एक बजे कैलाशपुरी मार्ग पर भावना पैलेस में राइटर सेफ गार्ड कंपनी का ऑफिस है। कंपनी व्यापारियों का कैश सुरक्षित बैंक तक पहुंचाती है। कर्मचारी राममूर्ति व यतेंद्र सिंह (मलपुरा) सुबह कलेक्शन को निकले थे। शील ऑटोज, सेंटर फोर साइट, बजाज फाइनेंस व शॉपर स्टॉप से कलेक्शन किया। राममूर्ति बाइक चला रहा था। यतेंद्र बैग टांगकर पीछे बैठा था। बैंक हाउस कालोनी में बाइक सवार दो बदमाशों ने लात मारकर उन्हें गिरा दिया। बदमाशों ने यतेंद्र के पीठ पर लगे कैश से भरे लैपटॉप बैग को छीन लिया और बैग लेकर फरार हो गए। दोनों कर्मचारी चीखते चिल्लाते रह गए। बदमाश अपाचे बाइक पर थे।
तमंचे के बल पर लूट
इसके बाद फतेहाबाद मार्ग पर होटल रमाडा के पास जनलक्ष्मी माइक्रो फाइनेंस के कर्मचारी प्रदीप व लवकेश के साथ लूट हुई। बदमाशों ने तमंचे की बट से वार करके लवकेश का सिर फोड़ दिया। एक हवाई फायर किया। बैग में 2.5 लाख रुपये व दो लैपटॉप थे। अपाचे सवार बाइक सवार लूट कर भाग गए। भगवान टॉकीज के पास ऑटो में जसवंत नगर निवासी सुघर सिंह की जेब कट गई। जेब में एक लाख रुपये थे। वहीं, एत्मादपुर में अपाचे सवार बदमाशों ने महिला से पर्स छीन लिया और फरार हो गए।
तीन लाख से ज्यादा कैश ले जाने पर पूछताछ
पुलिस द्वारा कारोबारियों से तीन लाख से अधिक कैश ले जाने पर पूछताछ की जा रही है, उनसे कहा जा रहा है कि अधिक कैश पुलिस सुरक्षा में ही बैंक तक लेकर जाएं। सोमवार को एक कारोबारी को 10 लाख से अधिक कैश होने पर पुलिस ने रोक लिया।
Leave a comment