आगरालीक्स ….आगरा में आईएसबीटी के सामने ब्लैक प्वाइंट पर दर्दनाक हादसे में कारोबारी की मौत, ट्राला ने एक्टिवा समेत कारोबारी को रौंदा, 100 मीटर तक शव घसीटते हुए ले गया। हाईवे पर कई ब्लैक प्वाइंट, ले रहे जान।

आगरा में मंगलवार सुबह चांदी कारोबारी अंजय सुराना 50 साल एक्टिवा से व्हाइट हाउस, हरीपर्वत स्थित घर से अपर्णा पंचशील अपार्टमेंट, खंदारी स्थित अपने फ्लैट पर जा रहे थे। आईएसबीटी फ्लाई ओवर से उतरते ही पीछे से आ रहे ट्रॉला ने एक्टिवा समेत चपेट में ले लिया, वे ट्रॉला के पहिए के नीचे फंस गए।
100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया शव
ट्रॉला के पीछे के पहिए के नीचे कारोबारी अंजय सुराना फंस गए, राहगीरों ने शोर मचाया। करीब 100 मीटर तक ट्रॉला शव को घसीटते हुए ले गया। ट्रॉला के चालक ने ब्रेक लगाए और कूद कर भाग गया। राहगीरों ने ट्रॉला के पहिए के नीचे से शव को निकाला लेकिन तब तक मौत हो चुकी थी।
फ्लैट में होना था शिफ्ट
परिजनों ने बताया कि अंजय सुराना की सराफा बाजार में फर्म हैं और चांदी के कारोबारी हैं। उन्होंने अपर्णा पंचशील अपार्टमेंट सिकंदरा में फ्लैट खरीदा था। वे फ्लैट में शिफ्ट हो रहे थे इसके लिए फ्लैट में काम करा रहे थे, वे फ्लैट में काम कराने के लिए ही एक्टिवा से जा रहे थे। परिवार में पत्नी और बच्चे हैं। दर्दनाक हादसे के बाद से कोहराम मचा हुआ है, सराफा कारोबारियों में भी शोक व्याप्त है।
आईएसबीटी, गुरु का ताल पर हैं ब्लैक प्वाइंट
भगवान टॉकीज से सिकंदरा के बीच सबसे ज्यादा हादसे आईएसबीटी के सामने और गुरु द्वारा गुरु के ताल पर हो रहे हैं। ये दोनों हादसों के लिए ब्लैक प्वाइंट हैं। आईएसबीटी पर फ्लाई ओवर बनने के बाद वाहनों की स्पीड और तेज हो गई है, इससे और हादसे हो रहे हैं।