आगरालीक्स…आगरा के बल्केश्वर महादेव मंदिर में तीन दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव. निकाली जाएगी विशाल शिव बरात, होगा महिला संगीत
नगर के प्राचीन शिवालय बल्केश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि का तीन दिवसीय महोत्सव 17 फरवरी से आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान महाशिवरात्रि पर 18 फरवरी को विशाल एवं भव्य शिव बरात कमला नगर से निकाली जाएगी। मंदिर के महंत श्री सुनील कांत नागर व महंत श्री कपिल नागर ने रविवार को पत्रकारों को कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 फरवरी को सुबह 11 बजे से दो बजे तक शुभ मेहंदी की रस्म होगी, जिसमें शंकर जी के नाम की मेहंदी पार्वती के हाथो मे लगाई जाएगी। इसके बाद अन्य महिलाएं मेहंदी लगाएंगी।

उन्होंने बताया बताया कि 18 फरवरी को शाम पांच बजे एफ-184, साईं धाम मंदिर के सामने, कमला नगर से शिव बरात निकाली जाएगी। जिसमें सात झांकियां निकाली जाएंगी, जिसमें सर्वप्रथम गणपति की झांकी होगी। उसके बाद मां दुर्गा, श्रीराम दरबार, पंचमुखी हनुमानजी आदि झांकियां बैंड बाजे, व ढोल नगाड़ों के साथ निकाली जाएगी। आखिरी में भोलेनाथ की झांकी होगी, जिसे आकर्षक फूलों आदि से सजाया जाएगा। बरात का जगह जगह आरती उतार कर स्वागत किया जाएगा। साई मन्दिर से शिव बरात चांदनी चौक, सब्जी मंडी, शक्ति सुशील मंदिर चौराहा होती हुई बल्केश्वर महादेव मंदिर पर पहुंचेगी। उसके बाद मंदिर पर बल्केश्वर नाथ का भव्य श्रंगार करके फूल बंगला सजाया जायेगा। रात्रि जागरण होगा। इस दौरान चार महाआरतियां रात नौ बजे, 12 बजे, तीन बजे और सुबह छह बजे की जाएंगी।
19 फरवरी को मंदिर में सुबह सात बजे खप्पर पूजन किया जाएगा। उसके प्रसाद वितरण किया जाएगा। इसी दिन दोपहर दो बजे मंदिर परिसर में महिला संगीत का आयोजन किया जाएगा। प्रेस वार्ता में अर्चित पंड्या अर्पित पंड्या अविरल पंड्या भोलानाथ अग्रवाल गौरव अग्रवाल अखिलेश अग्रवाल आदर्श नन्दन गुप्त मीडिया प्रभारी ऋषि अग्रवाल धंमेन्द्र बाबा अतुल अग्रवाल रितेश शिवशंकर महेश्वरी योगेश अग्रवाल मोहित अग्रवाल मनमोहन शर्मा आदि मौजूद रहे।